
जहर के खिलाफ जंग: पार्ट 22मैलाथियान नाम के कीड़े मारने वाले केमिकल से इंसानों को ब्लड कैंसर (नॉन-हॉजकिन लिंफोमा) और प्रोस्टेट कैंसर होने का खतरा रहता है. खेती के दौरान इस केमिकल के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों पर जब अमेरिका, कनाडा और स्वीडन में साल 2001 के बाद रिसर्च की गई, तब यह बात सामने आई. लैब में चूहों पर किए गए टेस्ट में भी मैलाथियान की वजह से ट्यूमर बनते देखे गए हैं. यह केमिकल हमारे डीएनए को बिगाड़ देता है और हार्मोन सिस्टम में भी भारी गड़बड़ी पैदा करता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन की कैंसर रिसर्च एजेंसी (IARC) ने अपनी एक रिपोर्ट में यह बात साफ-साफ लिखी है. इसके बावजूद भारत मे यह धड़ल्ले से बिक रहा है. आखिर वो किन लोगों के हित हैं जिन्हें पूरा करने के लिए भारतीय किसानों की सेहत से खेला जा रहा है. किसान वर्षों से इसका इस्तेमाल कर रहे हैं, बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो कृषि वैज्ञानिक इन खतरों की जानकारी दे रहे हैं और न ही इनका निर्माण करने वाली कंपनियां और न इसके इस्तेमाल और बिक्री-वितरण का लाइसेंस देने वाला केंद्रीय कृषि मंत्रालय.

मई 2020 में कृषि मंत्रालय ने एक ऐतिहासिक ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया. इसमें मैलाथियान सहित 27 ऐसे खतरनाक कीटनाशकों की सूची तैयार की गई, जो इंसानी शरीर के हार्मोन सिस्टम को पूरी तरह बिगाड़ रहे थे. जो कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन रहे थे. सरकार का शुरुआती रुख बेहद सख्त था.
इन सभी 27 केमिकल को देश में पूरी तरह से बैन करने का साफ आदेश था. लगा कि सरकार अब कीटनाशक कारोबारियों के मुनाफे वाले हित से ऊपर उठकर किसानों और जनता की सेहत की फिक्र कर रही है. लेकिन जैसे ही यह ड्राफ्ट बाहर आया, अरबों रुपये का साम्राज्य चलाने वाली एग्रोकेमिकल कंपनियों की लॉबी में हड़कंप मच गया.
कंपनियों ने तुरंत सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी. उन्होंने वैज्ञानिक दलीलों को ताक पर रखकर व्यापार घाटे, निर्यात में भारी नुकसान और किसानों की लागत बढ़ने का ऐसा खौफनाक माहौल बनाया कि सरकार के मजबूत इरादे डगमगाने लगे. अरबों के टर्नओवर वाले इस बिजनेस को बचाने के लिए पर्दे के पीछे से राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव बनाया गया.
दबाव में आते ही सरकार ने सीधे फैसला लेने के बजाय मामला ठंडे बस्ते में डालने और बीच का रास्ता निकालने के लिए डॉ. टीपी राजेंद्रन कमेटी (विशेषज्ञ पैनल) का गठन कर दिया. यहीं से असली 'सेटिंग का खेल' शुरू हुआ.
कमेटी और सरकार ने मिलकर कंपनियों को एक ऐसा लूपहोल दिया, जिससे उनका करोड़ों का बिजनेस भी बच जाए और जनता के सामने सरकार की थू-थू भी न हो. वैज्ञानिक चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए फाइलों की ऐसी बाजीगरी की गई कि बैन का यह बड़ा कानूनी फंदा महज एक मामूली प्रतिबंध में बदल गया.
अक्टूबर 2023 में जब फाइनल नोटिफिकेशन आया तो खेल पूरी तरह साफ हो चुका था. दिखावे के लिए फल और सब्जियों पर मैलाथियान को रोक दिया गया, ताकि शहरी जनता को लगे कि उनकी थाली सुरक्षित है. लेकिन इसके उलट, कीटनाशक कंपनियों के सबसे बड़े बाज़ार यानी देश की मुख्य फसल धान में इसके छिड़काव और मच्छर नियंत्रण के नाम पर होने वाली विशाल सरकारी सप्लाई को पूरी तरह वैध बरकरार रखा गया. इस तरह, चुनिंदा फसलों पर आंशिक रोक लगाकर आम जनता को सुरक्षा का अहसास तो करा दिया गया, लेकिन एग्रोकेमिकल कंपनियों के मुनाफे और बड़े बाज़ार पर कोई आंच नहीं आने दी गई. सवाल यह है कि जनता की सेहत की फिक्र कौन करेगा?
इस पूरे खेल की सबसे कड़वी और असली जमीनी हकीकत यह है कि सरकारी फाइलों और नोटिफिकेशन में लिख देने भर से खेतों में जहर का छिड़काव नहीं रुकता. हकीकत में, ग्रामीण इलाकों का एक साधारण किसान इस कागजी 'लेबल क्लेम' और प्रतिबंधों से बिल्कुल अनजान है.
जब फसल में कीड़ा लगता है, तो किसान दुकान पर जाता है और दुकानदार मुनाफे के चक्कर में उसे मैलाथियान थमा देता है. जमीनी स्तर पर किसान इसे आज भी बैंगन, टमाटर, गोभी और मिर्च जैसी हर सब्जी पर बेधड़क छिड़क रहा है, क्योंकि जमीन पर इस कानून की निगरानी करने वाला कोई नहीं है.
इस पूरे खेल में सबसे शर्मनाक और बेपरवाह रवैया उन किसानों के प्रति रहा, जो चिलचिलाती धूप में बिना किसी मास्क या सुरक्षा किट के इस ‘जहर’ का खेतों में छिड़काव करते हैं. उनकी सांसों में घुलते जहर, खेतों से रिसकर भूजल में जाते केमिकल और आम जनता की सेहत की तबाही को एग्रोकेमिकल कंपनियों के मुनाफे, लचर सरकारी तंत्र और कमेटियों के इस गठजोड़ ने बहुत ही बेरहमी से दबा दिया.
मैलाथियान एक इंसेक्टिसाइड यानी कीटनाशक है. इससे मनुष्यों में नॉन-हॉजकिन लिंफोमा यानी ब्लड कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर के सीमित साक्ष्य हैं. मनुष्यों में यह साक्ष्य मुख्य रूप से कृषि संबंधी जोखिमों के अध्ययनों से मिले हैं, जो संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और स्वीडन में 2001 के बाद से प्रकाशित हुए हैं.
चूहों पर हुए अध्ययनों में पता चला है कि मैलाथियान से उनमें ट्यूमर होता है. मैलाथियान डीएनए और क्रोमोसोम को नुकसान पहुंचाता है और हार्मोन के रास्तों को भी रोकता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन की कैंसर रिसर्च एजेंसी की इसी खौफनाक और हूबहू रिपोर्ट ने पूरी दुनिया के होश उड़ा रखे हैं.
इसी कड़वे सच को आधार बनाकर दुनिया के 32 देशों ने इसे छूना तक गुनाह मानकर अपने यहां पूरी तरह बैन कर दिया है, क्योंकि यह केमिकल नसों में सीधे कैंसर का बीज बोने की पूरी ताकत रखता है. लेकिन भारत में सुस्त सरकारी तंत्र की लाचारी और एग्रोकेमिकल इंडस्ट्री के खूनी मुनाफे का गठजोड़ देखिए कि नियमों और पाबंदियों के बावजूद यह प्रतिबंधित ज़हर आज भी देश के कोने-कोने में खुलेआम और धड़ल्ले से बिक रहा है और सीधे हमारी और आपकी थाली तक पहुंच रहा है.
दुनियाभर में कीटनाशकों पर नज़र रखने वाली संस्था ‘पेस्टिसाइड एक्शन नेटवर्क और नियामक रिकॉर्ड्स’ के मुताबिक, मैलाथियान कई देशों में प्रतिबंधित या बेहद सख्त पाबंदियों के दायरे में है. यूरोपीय संघ ने अपने नागरिकों और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए 2007 में इस पर रोक लगाई थी और बाद में शर्तों के साथ दोबारा मंजूरी देने के बावजूद जनवरी 2020 से इसके खुले खेतों में छिड़काव पर प्रतिबंध लगाते हुए केवल बंद ग्रीनहाउस तक सीमित कर दिया. जबकि, ब्रिटेन ने इसे पूरी तरह नामंजूर कर रखा है.
दोहरा मापदंड यह है कि यूरोपीय कंपनियां (विशेषकर फ्रांस और डेनमार्क वाली) अपने ही खेतों के लिए असुरक्षित माने जाने वाले मैलाथियान का उत्पादन कर दर्जनों गैर-यूरोपीय और विकासशील देशों को निर्यात करती रही हैं, जहां कमजोर नियमों के चलते इसका धड़ल्ले से इस्तेमाल जारी है. साल 2018 में फ्रांस और डेनमार्क की कंपनियों ने 23 गैर-यूरोपीय देशों को 12.7 टन मैलाथियान निर्यात किया था.
मैलाथियान के जन्म और इसके पूरी दुनिया में फैलने की कहानी एग्रोकेमिकल कंपनियों की लालच और अधूरी वैज्ञानिक समझ का एक जीता-जागता दस्तावेज है. साल 1950 में अमेरिकी केमिकल दिग्गज अमेरिकन सायनामाइड कंपनी ने मैलाथियान को पहली बार लैब में तैयार किया. उस दौर में यह एक क्रांतिकारी खोज मानी गई थी, क्योंकि यह अपने समकालीन कीटनाशक डीडीटी (डाइक्लोरो-डाइफेनिल-ट्राइक्लोरोइथेन) की तुलना में इंसानों के लिए थोड़ा कम विषैला लगता था.
लेकिन इतिहास गवाह है कि जिसे कभी ‘वरदान’ कहा गया था, उसके काले पन्नों ने दुनिया को दहला कर रख दिया. साल 1976 में पाकिस्तान के मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के दौरान खराब रखरखाव और भारी गर्मी के कारण गोदामों में रखा मैलाथियान टूट गया और उसके भीतर आइसोमैलाथियान नाम का एक महा-जहरीला केमिकल बन गया. इसका नतीजा यह हुआ कि 7,500 फील्ड वर्करों में से लगभग 2,800 मजदूर गंभीर रूप से जहर के शिकार हुए और 5 मजदूरों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई.
इसके बाद 1981 से 1990 के बीच अमेरिका के कैलिफोर्निया में फसलों को मक्खियों से बचाने के लिए वहां की सरकार ने शहरी और घने रिहायशी इलाकों के ऊपर हेलीकॉप्टरों से मैलाथियान का अंधाधुंध हवाई छिड़काव शुरू कर दिया. इसके खिलाफ वहां की जनता सड़कों पर उतर आई और भारी विद्रोह हुआ, जिसके बाद मार्च 1990 में सरकार को यह हवाई स्प्रे हमेशा के लिए बंद करना पड़ा.
पेस्टिसाइड एक्शन नेटवर्क के प्रमुख विशेषज्ञ डॉ. जी. नरसिम्हा रेड्डी ने सरकार और केमिकल कंपनियों के इसी गठजोड़ को आड़े हाथों लेते हुए सीधा प्रहार किया है. डॉ. रेड्डी का साफ कहना है कि मैलाथियान को सिर्फ रिस्ट्रिक्टेड श्रेणी में रखना देश के नागरिकों और किसानों के स्वास्थ्य के साथ एक बहुत बड़ा धोखा है. इसे पूरे देश में पूरी तरह से बैन होना ही चाहिए. वरना कागजी बैन से इसका इस्तेमाल बंद नहीं होगा. किसानों को इसके खतरों की जानकारी ही नहीं है.
डॉ. रेड्डी कहते हैं कि इस काले कारोबार का सबसे घिनौना सच यह है कि एग्रोकेमिकल इंडस्ट्री सिर्फ और सिर्फ अपने मुनाफे के लिए किसानों की जान दांव पर लगा रही है. कंपनियां भली-भांति जानती हैं कि मैलाथियान कितना भयानक है, लेकिन वे जानबूझकर किसानों को इसके जानलेवा खतरों की भनक तक नहीं लगने देतीं. इसके पीछे सीधा सा लालच है. अगर किसानों को यह पता चल गया कि यह जहर उनके शरीर के डीएनए को नष्ट कर रहा है और उन्हें कैंसर की तरफ धकेल रहा है, तो वे इसे खरीदना तुरंत बंद कर देंगे. ऐसा हुआ तो कंपनियों का अरबों रुपये का साम्राज्य एक झटके में तबाह हो जाएगा.
इस पूरे खेल का सबसे खौफनाक और हैरान कर देने वाला पहलू यह है कि देश भर के करोड़ों किसान आज भी मैलाथियान का इस्तेमाल एक सामान्य इंसेक्टिसाइड के तौर पर बेधड़क कर रहे हैं. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह यह है कि न तो कृषि मंत्रालय, न ही भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और न तो इन एग्रोकेमिकल कंपनियों ने कभी भी किसानों को यह बताने की जहमत उठाई कि यह केमिकल कितना ज्यादा खतरनाक है. यह तंत्र का एक ऐसा सन्नाटा है, जो सीधे किसानों की अज्ञानता का फायदा उठाता है.
कृषि महकमे के बड़े-बड़े विज्ञापनों और सरकारी जागरूकता अभियानों में इस प्रतिबंधित जहर के स्वास्थ्य खतरों पर एक शब्द भी नहीं बोला जाता. जब देश की सर्वोच्च कृषि वैज्ञानिक संस्थाएं और सरकारी तंत्र ही अपनी आंखें मूंद लें तो सीधा-साधा किसान आखिर जाए तो जाए कहां? वह तो इसी भरोसे में रहता है कि जो केमिकल बाजार में बिक रहा है, वह उसकी फसल और सेहत के लिए सुरक्षित ही होगा. सूचना के इसी अभाव का सीधा फायदा उठाकर कंपनियां अपनी तिजोरियां भर रही हैं जबकि अन्नदाता बीमारियों के दलदल में फंस रहा है.
कृषि विज्ञान के नियमों के अनुसार, जब भी किसी फसल पर कीटनाशक का छिड़काव किया जाता है तो उसके बाद कम से कम 7 से 14 दिनों तक फसल को काटना या तोड़ना सख्त मना होता है, ताकि पौधे के भीतर मौजूद केमिकल धूप और हवा से टूटकर कमजोर हो जाएं. इसे वेटिंग पीरियड कहा जाता है, लेकिन भारतीय मंडियों का सच इसके बिल्कुल विपरीत है.
कृषि विभाग के सुस्त रवैये का आलम यह है कि जिला स्तर पर बैठे कीटनाशक निरीक्षक कभी दुकानों और खेतों की जांच करने बाहर नहीं निकलते. नतीजा यह है कि अज्ञानता के कारण किसान फसल काटने के एक-दो दिन पहले तक इस पर मैलाथियान छिड़क देते हैं. किसान साथियों, आप जिस जहर से कीड़े मार रहे हैं, दरअसल वह चुपचाप आपके भीतर ही आपको मारने की तैयारी कर रहा है.
'जहर के खिलाफ जंग' सीरीज को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें:
पार्ट-1: कंपनियों का मुनाफा, किसानों का जनाजा: मौत के अंतरराष्ट्रीय 'सौदागरों' को भारत में खुली छूट क्यों?
पार्ट-2: जिस हर्बिसाइड को 'दुनिया' ने नकारा, उसे हमारे 'सिस्टम' ने खेतों में क्यों उतारा?
पार्ट-3: अंधा कानून, बहरे अधिकारी: WHO ने जिसे 'कैंसरकारी' बताया, भारत में उसे 'वीआईपी' पास क्यों?
पार्ट-4: ग्लाइफोसेट वाली विदेशी दाल और नियमों की देसी ढाल, क्या सेहत से हुआ समझौता?
पार्ट-5: खेतों में डाला जा रहा वियतनाम युद्ध वाला घातक केमिकल 2,4-D, कैंसर की चेतावनी पर परदा क्यों
पार्ट-6: सरकार ने जिस ऐसफेट को माना था मधुमक्खियों का 'कातिल' उसे सिस्टम ने खेतों में कैसे उतारा?
पार्ट-7: मोनोक्रोटोफॉस: जिसे 112 देशों से खदेड़ा गया वो 'रेड लेबल' जहर भारत में अब भी क्यों है आजाद?
पार्ट-9: पानी बचाने की आड़ में हर्बिसाइड का बड़ा खेल, कंपनियां और वैज्ञानिक निहाल, विलेन बनेगा किसान
पार्ट-10: Carbofuran: विकसित देशों का जहर कार्बोफ्यूरान भारत में सिस्टम का 'चहेता' क्यों?
पार्ट-11: कार्बेंडाजिम पर कृषि मंत्रालय का यू-टर्न, एग्रो-केमिकल लॉबी के आगे क्यों बेबस हुआ सिस्टम?
पार्ट-13: साहब, लोगों की जान सस्ती है या कंपनियों का मुनाफा? कृषि मंत्रालय के यू-टर्न की इनसाइड स्टोरी
पार्ट-14: जिसने 'एट्राजीन' खोजा उसने अपने यहां बैन किया, फिर भारत में क्यों जारी है हार्मोन्स से खिलवाड़?
पार्ट-15: एक्सपर्ट पैनल ने पैराक्वाट पर सौंपी रिपोर्ट, किसान-कंज्यूमर या कंपनी किसके साथ खड़ी होगी सरकार?
पार्ट-16: सुरक्षित विकल्प मौजूद फिर भी भारत में बिक रहे खतरनाक कीटनाशक, यह है कोई लाचारी या कंपनियों से यारी?
पार्ट- 21: भोजन में कीटनाशक, जनता बीमारी से बेहाल, सो रहा सरकारी सिस्टम...कंपनियां हो रहीं मालामाल
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today