अब पैकेट के सामने दिखेगी सेहत की चेतावनी, सुप्रीम कोर्ट का फैसलाडिब्बाबंद खाद्य पदार्थों यानी Packaged Foods पर पोषण संबंधी जानकारी और चेतावनी छापने पर सख्त रुख वाला निर्णय सुना दिया है. जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने आम लोगों विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को पैकेट के सामने की तरफ स्पष्ट चेतावनी लेबल पर सामने की ओर छापने के कड़े निर्देश दिए हैं.
अब डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों (जैसे चिप्स, बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक्स, नूडल्स आदि) में यदि चीनी (Sugar), नमक (Salt), या संतृप्त वसा (Saturated Fat) तय मानकों से अधिक है, तो इसकी चेतावनी पैकेट के पीछे छिपाने के बजाय सामने की ओर (Front) प्रमुखता से छापनी होगी.
लाल षटकोण में चेतावनी वाला निशान छापना होगा. FSSAI द्वारा कोर्ट में पेश किए गए प्रस्ताव के अनुसार, पैकेट के सामने ऊपर बाईं ओर एक सफेद चौकोर बैकग्राउंड में लाल रंग का छह कोण वाला निशान होगा. इसमें बड़े अक्षरों में "HIGH SUGAR", "HIGH SALT", या "HIGH FAT" लिखा होगा.
पहले FSSAI इसे दो चरणों में लागू करना चाहता था (पहले चरण में वे उत्पाद जिनमें दो या अधिक तत्व ज्यादा हों). लेकिन सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद तय हुआ कि इसे एक ही चरण में लागू किया जाएगा—यानी यदि किसी उत्पाद में इन तीनों में से एक भी तत्व तय सीमा से अधिक है, तो उस पर चेतावनी लेबल लगाना अनिवार्य होगा.
चेतावनी लेबल का फ़ॉन्ट साइज पैकेट के पीछे दी गई पोषण तालिका (Nutrition Table) के अक्षरों से कम से कम एक पॉइंट बड़ा होना चाहिए, ताकि कम पढ़ा-लिखा व्यक्ति या बच्चा भी इसे एक नजर में आसानी से समझ सके.
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई थी कि 2022 से चल रही इस प्रक्रिया में इतना समय क्यों लगा. कोर्ट ने FSSAI के उस प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए थे जिसमें कंपनियों को नियम मानने के लिए एक साल (365 दिन) की स्वैच्छिक छूट (Voluntary Compliance) देने की बात कही गई थी.
अदालत ने स्पष्ट कहा कि यह मामला संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन और स्वास्थ्य का अधिकार) से जुड़ा है. कोर्ट ने टिप्पणी की कि खाद्य कंपनियों के व्यावसायिक हितों से ऊपर देश के नागरिकों और बढ़ते बच्चों का स्वास्थ्य है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today