ट्रेड डील हुई तो भारत पर 17% टैरिफ, नहीं तो 25%: अमेरिकाअमेरिका ने कहा है कि अगर भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाता है, तो भारतीय सामान पर लगने वाला टैरिफ 17% पर सीमित रखा जाएगा. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने साफ किया कि अगर कोई समझौता नहीं होता है, तो टैरिफ बढ़कर 25% हो जाएगा.
यह बयान ऐसे समय आया है जब डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने 14 व्यापारिक साझेदारों पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है. अमेरिका का कहना है कि ये कदम "स्ट्रक्चरल एक्सेस इंडस्ट्रियल कैपेसिटी" यानी जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन क्षमता से निपटने के लिए उठाए जा रहे हैं.
अमेरिका ने भारत की कई नीतियों को "अनुचित व्यापार व्यवहार" बताया है. इनमें शामिल हैं-
औद्योगिक विस्तार की नीतियां
श्रम सुरक्षा की कमी
वित्तीय दमन (फाइनेंशियल रिप्रेशन)
बाजार तक पहुंच में बाधाएं
गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं से आयात और निवेश के जरिए वैश्विक अतिरिक्त क्षमता को न रोक पाना
अमेरिका का दावा है कि इन नीतियों से उसके उत्पादकों, निर्यात, नौकरियों और निवेश को नुकसान होता है. साथ ही फार्मा, मेडिकल डिवाइस, स्टील, सोलर और आईटी जैसे क्षेत्रों में गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं पर निर्भरता से आर्थिक सुरक्षा का जोखिम भी बढ़ता है.
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि वह USTR के नोटिस की जांच कर रहा है. मंत्रालय के अनुसार, जांच के दौरान भारत ने अमेरिका को बताया था कि किसी भी क्षेत्र में उसके पास जरूरत से ज्यादा औद्योगिक क्षमता नहीं है. मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत ने पूरी जांच में सकारात्मक सहयोग किया और व्यापार से जुड़ी चिंताओं का समाधान द्विपक्षीय व्यापार समझौते की चल रही बातचीत के दायरे में ही होना चाहिए. मंत्रालय ने दोहराया कि भारत समझौते को जल्द पूरा करने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है.
अगस्त 2025 में पिछले दौर की बातचीत टूटने के बाद अमेरिका ने भारतीय सामान पर 50% तक का दंडात्मक टैरिफ लगाया था. फरवरी में दोनों देशों के बीच ट्रेड डील के फ्रेमवर्क पर सहमति बनी, जिसके बाद ज्यादातर भारतीय सामान पर यह शुल्क घटकर 18% रह गया. इसके बाद अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप द्वारा इमरजेंसी पावर्स के इस्तेमाल से दुनियाभर में लगाए गए व्यापक टैरिफ को अवैध करार दिया, जिससे 10% का बेसलाइन रेट लागू हुआ. हालांकि, दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच अंतिम व्यापार समझौता अब भी नहीं हो पाया है.
इस प्रस्ताव पर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली समेत देशभर के व्यापारियों में भारी नाराजगी और गुस्सा है. उनके मुताबिक भारत अमेरिका को कपड़ा, दवाइयां, मेडिकल सप्लाई, इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल सामान, सी-फूड, मोती, धातु, चमड़ा और ऑटो पार्ट्स जैसे कई उत्पाद बड़े पैमाने पर निर्यात करता है.
गोयल ने बताया कि CTI इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख रहा है. पत्र में मांग की गई है कि भारत भी अमेरिकी सामान पर 25% का जवाबी टैरिफ लगाए. उनका कहना है कि अमेरिका भारत को खाद्य उत्पाद, पेय पदार्थ, खनिज और दालें जैसी चीजें बेचता है, और जवाबी टैरिफ से ये सामान भारतीय बाजार में महंगे हो जाएंगे.
सूरत (गुजरात) में भी गोयल ने कहा कि अगर अमेरिका भारतीय सामान पर 25% टैरिफ लगाता है, तो अमेरिकी व्यापारी दूसरे देशों की ओर रुख कर सकते हैं. उन्होंने मांग की कि भारत सरकार अमेरिकी उत्पादों पर 25% टैरिफ की घोषणा करे.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today