पैक्स में मिलेंगी कई डिजिटल सुविधाएं (AI Image)महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) को 'आपले सरकार सेवा केंद्र' (आपकी सरकार सेवा केंद्र) के रूप में मान्यता देने का फैसला किया है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने गांव में ही विभिन्न सरकारी और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा. अब लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए शहरों या तहसील मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. महाराष्ट्र के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री आशीष शेलार ने बुधवार को इस फैसले की जानकारी दी.
मंत्री आशीष शेलार ने बताया कि इस फैसले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और सहकारी संस्थाओं की डिजिटल क्षमता को मजबूत करना है. इस संबंध में फैसला मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई सूचना प्रौद्योगिकी की उच्चस्तरीय समिति की बैठक में लिया गया. यह कदम केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के उन निर्देशों के अनुरूप है, जिनमें PACS को राज्य सरकार की सेवाएं उपलब्ध कराने वाली अधिकृत एजेंसी के रूप में विकसित करने की बात कही गई है.
प्राथमिक कृषि ऋण समितियां (PACS) पहले से ही ग्रामीण क्षेत्रों में कई तरह की डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं. इनमें डिजिटल भुगतान, बीमा पंजीकरण, पेंशन योजनाओं से जुड़ी सेवाएं, बिजली-पानी जैसे उपयोगिता बिलों का भुगतान, टिकट बुकिंग और कृषि संबंधी सलाह शामिल हैं. अब आपले सरकार सेवा केंद्र का दर्जा मिलने के बाद इन समितियों के जरिए सरकारी सेवाओं का दायरा बढ़ाया जा सकेगा.
आपले सरकार सेवा केंद्र का दर्जा पाने के इच्छुक पात्र PACS को 10,000 रुपये की सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी. इसके बाद उन्हें सेवाओं के संचालन के लिए जरूरी लॉगिन क्रेडेंशियल दिए जाएंगे. हालांकि, इसके लिए समितियों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध करानी होंगी.
सरकार ने सेवा केंद्रों के संचालन के लिए बुनियादी ढांचे से जुड़ी शर्तें भी तय की हैं. इसके तहत PACS के पास उपयुक्त परिसर, कंप्यूटर, प्रिंटर, बायोमेट्रिक डिवाइस और इंटरनेट कनेक्टिविटी होनी चाहिए. इसके अलावा निर्बाध बिजली आपूर्ति, पावर बैकअप, फर्नीचर और नागरिकों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था भी जरूरी होगी.
इच्छुक समितियों को सरकार के निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करने के संबंध में लिखित सहमति देनी होगी. इसमें सेवा शुल्क, केंद्रों की ब्रांडिंग, सेवाएं उपलब्ध कराने की शर्तें, सूचना सुरक्षा और रिकॉर्ड के रखरखाव से जुड़े प्रावधान शामिल हैं.
आपले सरकार सेवा केंद्र का दर्जा पाने के लिए पात्र PACS को अपने संबंधित जिला कलेक्टर कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा. आवेदन और सिक्योरिटी राशि की जांच के बाद कलेक्टर कार्यालय प्रस्ताव महाराष्ट्र सूचना प्रौद्योगिकी निगम (MahaIT) को भेजेगा. इसके बाद MahaIT समितियों को लॉगिन क्रेडेंशियल जारी कराने की प्रक्रिया पूरी करेगा.
यदि किसी क्षेत्र के लिए एक से अधिक पात्र PACS आवेदन करते हैं, तो उनमें से किसी एक समिति को प्राथमिकता देने का फैसला सहकारिता विभाग करेगा. यह चयन निर्धारित पात्रता और चयन संबंधी नियमों के आधार पर किया जाएगा. मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण महाराष्ट्र में सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और सहकारी संस्थाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने में मदद मिलेगी. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today