
मध्य प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर और सुलभ सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ शुरू करने की तैयारी कर रही है. सरकार का प्रयास है कि आगामी रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश की बहनें परिवहन विभाग की बसों में सफर कर सकें.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य परिवहन सेवा आम नागरिकों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.सरकार जहां एक ओर प्रदेश में आधुनिक और बेहतर सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता को सुरक्षित, सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश का भौगोलिक क्षेत्र काफी विस्तृत है और कई शहरों व ग्रामीण इलाकों के बीच लंबी दूरी होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. प्रस्तावित मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा इन समस्याओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और लोगों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी.
सरकार इस परिवहन सेवा को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी, ताकि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी पहुंच सुनिश्चित की जा सके.मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह सेवा न केवल राज्य के अंदरूनी क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, बल्कि पड़ोसी राज्यों के साथ भी आवागमन को सुगम बनाएगी.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार और राज्य के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता और संकल्प के साथ कार्य कर रही है. सड़क, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाकर नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
सरकार की योजना के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसों में यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है .यदि यह योजना समय पर लागू होती है तो प्रदेश की लाखों महिलाओं को त्योहार पर विशेष लाभ मिल सकेगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today