पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत सालाना 6 हजार रुपयों का लाभ लेते हैंप्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) देश की सबसे बड़ी किसान कल्याण योजनाओं में से एक है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है. फिलहाल देशभर के करोड़ों किसान पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन इस बीच कई किसानों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. कुछ किसानों के खाते में इस बार भी 2,000 रुपये की किस्त नहीं पहुंच सकती है.
केंद्र सरकार अब तक पीएम किसान योजना की 22 किस्तें जारी कर चुकी है. योजना की 22वीं किस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च को असम से जारी की थी. इस दौरान 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में करीब 18,640 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई थी. हालांकि उस समय भी कई ऐसे किसान थे, जिनके खाते में किस्त का पैसा नहीं पहुंचा था. अब 23वीं किस्त को लेकर भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिल सकती है.
पीएम किसान योजना का लाभ पाने के लिए सरकार ने कुछ जरूरी नियम तय किए हैं. यदि किसान इन नियमों को पूरा नहीं करते हैं, तो उनकी किस्त का पैसा रुक सकता है. सबसे बड़ी वजह ई-केवाईसी (e-KYC) का पूरा न होना है. जिन किसानों ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी नहीं करवाई है, उन्हें अगली किस्त मिलने में परेशानी हो सकती है.
इसके अलावा जिन किसानों का आधार कार्ड उनके बैंक खाते से लिंक नहीं है, उनके खाते में भी किस्त की राशि नहीं पहुंचेगी. सरकार ने साफ किया है कि योजना का लाभ लेने के लिए आधार और बैंक खाते का लिंक होना जरूरी है. इसलिए किसानों को समय रहते इन जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा कर लेना चाहिए.
सरकार ने पीएम किसान योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और सही किसानों तक लाभ पहुंचाने के लिए e-KYC को अनिवार्य किया है. इससे यह सुनिश्चित होता है कि योजना का पैसा सही लाभार्थी के खाते में ही जाए.
यदि किसी किसान ने अभी तक e-KYC नहीं कराया है, तो वह घर बैठे इसे ऑनलाइन पूरा कर सकता है. इसके लिए किसान को पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां e-KYC का विकल्प चुनकर आधार नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आने वाले OTP के जरिए सत्यापन करना होगा. प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान का e-KYC अपडेट हो जाएगा.
फिलहाल सरकार की ओर से 23वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है. हालांकि पिछले वर्षों के रिकॉर्ड को देखें तो योजना की पहली किस्त जून, जुलाई या अगस्त के पहले सप्ताह में जारी की गई थी.
वर्ष 2024 में वित्त वर्ष की पहली किस्त 18 जून को जारी हुई थी. वहीं 2025 में पहली किस्त 2 अगस्त को किसानों के खातों में भेजी गई थी. ऐसे में संभावना है कि पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त भी जून, जुलाई या अगस्त के शुरुआती दिनों में जारी की जा सकती है. हालांकि किसानों को अंतिम तारीख के लिए सरकार की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.
किसान आसानी से घर बैठे अपनी किस्त का स्टेटस चेक कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वेबसाइट पर "Beneficiary Status" विकल्प पर क्लिक करके अपना आधार नंबर या बैंक खाता नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद "Get Data" पर क्लिक करते ही किसान अपनी किस्त और भुगतान की पूरी जानकारी देख सकते हैं.
पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त का लाभ पाने के लिए किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे जल्द से जल्द e-KYC पूरा करें और यह भी सुनिश्चित करें कि उनका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक हो. छोटी सी लापरवाही की वजह से 2,000 रुपये की किस्त रुक सकती है. इसलिए सभी पात्र किसानों को अपने दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए, ताकि अगली किस्त बिना किसी परेशानी के उनके खाते में पहुंच सके.
ये भी पढ़ें:
IARI की 'वर्षा रोबोट' करेगा खरपतवार का खात्मा और सटीक बुवाई, न डीजल का खर्चा न लेबर की टेंशन!
स्मार्ट किसानों की स्मार्ट चॉइस! धान-गेहूं को छोड़ इस फसल की तरफ बढ़ रहे किसान
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today