पंजाब में किसानों को बड़ी राहत: KCC लोन की सीमा बढ़ी, लहसुन से ड्रैगन फ्रूट तक खेती को बढ़ावा

पंजाब में किसानों को बड़ी राहत: KCC लोन की सीमा बढ़ी, लहसुन से ड्रैगन फ्रूट तक खेती को बढ़ावा

पंजाब सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के तहत ऋण सीमा बढ़ा दी है. गेहूं, गन्ने के साथ नई फसलों को भी शामिल किया गया है, जिससे किसानों को ज्यादा आर्थिक सहायता मिलेगी.

Advertisement
पंजाब में किसानों को बड़ी राहत: KCC लोन की सीमा बढ़ी, लहसुन से ड्रैगन फ्रूट तक खेती को बढ़ावापंजाब में में किसानों के लिए कई बड़े ऐलान (Photo: ITG)

पंजाब सरकार ने किसानों को राहत देने और अलग-अलग फसलों की खेती (विविधता) को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से जुड़े नियमों में बदलाव करते हुए कई फसलों के लिए लोन सीमा बढ़ाने और नई फसलों को योजना में शामिल करने की घोषणा की है.

सरकार के इस फैसले का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है.

गेहूं और गन्ने के लिए बढ़ी लोन सीमा

नई व्यवस्था के तहत गेहूं की फसल के लिए लोन सीमा 24,300 रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है. वहीं गन्ना किसानों के लिए राहत और भी बड़ी है. गन्ने की खेती के लिए लोन सीमा 44,000 रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर 1 लाख रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है.

इसके अलावा, पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 2,000 रुपये प्रति एकड़ का अतिरिक्त लोन भी दिया जाएगा.

नई फसलों को मिला बढ़ावा

खेती में विविधता लाने के लिए कई नई फसलों को KCC योजना में शामिल किया गया है. अब किसान इन फसलों के लिए भी आसानी से लोन ले सकेंगे—

  • लहसुन: 1.57 लाख रुपये प्रति एकड़
  • प्याज (रबी): 92,686 रुपये प्रति एकड़
  • हाइब्रिड टमाटर: 80,981 रुपये प्रति एकड़
  • लेमनग्रास: 30,000 रुपये प्रति एकड़
  • जामुन: 23,000 रुपये प्रति एकड़
  • बांस: 13,000 रुपये प्रति एकड़
  • पोपलर: 2,000 रुपये प्रति एकड़
  • ड्रैगन फ्रूट: 47,000 रुपये प्रति एकड़

मछली पालन को भी बढ़ावा

सरकार ने खेती से जुड़े अन्य क्षेत्रों को भी प्रोत्साहित किया है. मछली पालन के लिए ऋण सीमा बढ़ाकर 3 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है, जो पहले 2.5 लाख रुपये थी. वहीं सफेद झींगा पालन के लिए लोन सीमा को 5.5 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक बढ़ाया गया है.

किसानों को सस्ता लोन मिलेगा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि सहकारी बैंक किसानों को सिर्फ 7 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन दे रहे हैं, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ कम होगा.

सरकार का लक्ष्य

सरकार का कहना है कि इस फैसले से किसानों की आमदनी बढ़ेगी, नई फसलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा और सहकारी बैंकों की स्थिति भी मजबूत होगी. कुल मिलाकर, यह फैसला पंजाब में खेती को आधुनिक और फायदेमंद बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

POST A COMMENT