
धनिया की खेतीबरसात का मौसम धनिया उगाने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. इस समय मिट्टी में पर्याप्त नमी होने से बीज जल्दी अंकुरित होते हैं और पौधों की बढ़वार भी अच्छी होती है. अगर आप घर की बालकनी, छत या किचन गार्डन में ताजा और खुशबूदार धनिया उगाना चाहते हैं, तो ACR-1 किस्म आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है. यह किस्म कम जगह में भी आसानी से उगाई जा सकती है और गमले में भी अच्छी पैदावार देती है. ऐसे में आइए जानते हैं ACR-1 धनिया का बीज कहां सस्ते में मिलेगा ऑनलाइन और इसकी खेती कैसे करें.
शहरों में घर की छतों पर मसालों को उगाने का ट्रेंड और इसकी खेती की बढ़ती हुई डिमांड को देखते हुए राष्ट्रीय बीज निगम NSC किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन धनिया की बीज बेच रहा है. इस बीज को आप ओएनडीसी के ऑनलाइन स्टोर से खरीद सकते हैं. साथ ही यहां किसानों को अन्य प्रकार की फसलों के बीज और पौधे भी आसानी से मिल जाएंगे. किसान इसे ऑनलाइन ऑर्डर करके अपने घर पर डिलीवरी करवा सकते हैं.
धनिया की ACR-1 एक उन्नत किस्म है, जिसे अच्छी उपज और बेहतरीन क्वालिटी के लिए जाना जाता है. यह किस्म कम समय में तैयार हो जाती है और इसकी पत्तियां गहरे हरे रंग की, मुलायम और अधिक खुशबूदार होती हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे खेत के साथ-साथ गमले, ग्रो बैग, किचन गार्डन और छत पर भी आसानी से उगाया जा सकता है. बरसात के मौसम में इसकी बढ़वार तेज होती है और नियमित देखभाल करने पर लंबे समय तक हरी पत्तियां मिलती रहती हैं. यह किस्म पत्तियों के साथ-साथ अच्छे क्वालिटी वाले बीज भी देती है, इसलिए किसान और घरेलू बागवानी करने वाले दोनों के लिए यह लाभदायक विकल्प मानी जाती है.

अगर आप भी धनिया की ACR-1 किस्म को गमले में लगाना चाहते हैं तो इस किस्म के बीज के 100 ग्राम का पैकेट में उपलब्ध है. इसका 100 ग्राम का पैकेट फिलहाल 5 फीसदी छूट के साथ 55 रुपये में राष्ट्रीय बीज निगम की वेबसाइट पर मिल जाएगा. इसे खरीद कर आप आसानी से धनिया को गमले,बालकनी या छत पर उगा सकते हैं.
किचन गार्डन में धनिया उगाने के लिए सबसे पहले आप एक बड़े साइज का गमला लें, फिर उसमें एक हिस्सा मिट्टी डालें. इसके बाद उसमें बालू और एक हिस्सा वर्मी कंपोस्ट डालकर हरे धनिया के बीज को मसल कर दो टुकड़े कर लें. उसके बाद गमले में भरी हुई मिट्टी के ऊपर धनिया के बीज बिखेर कर ऊपर से हल्की सी मिट्टी डालें. इसके बाद गमले में पानी डाल दें. आपका धनिया 15 से 20 दिन में उग आएगा और यह 25 से 30 दिन में कटिंग के लिए तैयार हो जाएगा.
धनिया की खेती करना बेहद आसान है. इसकी बुवाई के लिए सबसे पहले अच्छी जल निकासी वाली दोमट या बलुई दोमट मिट्टी चुनें. खेत की मिट्टी को अच्छी तरह भुरभुरा करके उसमें सड़ी हुई गोबर की खाद या कम्पोस्ट मिला दें. इसके बाद धनिया के बीज को हल्का दबाकर दो हिस्सों में तोड़ लें, ताकि अंकुरण बेहतर हो सके. बीजों को लगभग 1 से 2 सेंटीमीटर गहराई पर 20 से 25 सेंटीमीटर की दूरी पर कतारों में बोएं और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. बुवाई के तुरंत बाद हल्की सिंचाई करें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today