दिल्ली में बारिश का दौर जारी, कितने दिन और बरसेंगे बादल? IMD ने जारी किया मौसम का पूर्वानुमान

दिल्ली में बारिश का दौर जारी, कितने दिन और बरसेंगे बादल? IMD ने जारी किया मौसम का पूर्वानुमान

दिल्ली में रविवार को बारिश का दौर जारी रहा. दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. IMD ने 6 सितंबर को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है.

Advertisement
दिल्ली में बारिश का दौर जारी, कितने दिन और बरसेंगे बादल? IMD ने जारी किया मौसम का पूर्वानुमानइंडिया गेट पर बारिश का लुत्‍फ उठाते दिखे लोग (फ़ोटो/ANI)

राजधानी दिल्ली में रविवार को कई इलाकों में बारिश हुई. दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मौसम पर दिखाई दे रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने दिल्ली समेत कई राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. IMD के मुताबिक, 6 सितंबर को सुबह 5.30 बजे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था. इससे पहले यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय था. मौसम प्रणाली के अगले 24 घंटे में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है.

दिल्ली समेत इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 6 सितंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

सफदरजंग में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज

नई दिल्ली स्थित सफदरजंग मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. रविवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.5 डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री कम रहा. शाम 5.30 बजे और सुबह 8.30 बजे हवा में नमी का स्तर 98 प्रतिशत दर्ज किया गया.

आज 32 डिग्री तक रह सकता है तापमान

IMD के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में रविवार को आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

7-8 सितंबर को भी बादल छाए रहने के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, 7 और 8 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इन दोनों दिनों में न्यूनतम तापमान क्रमशः 24 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 9 और 10 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान क्रमशः 26 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 11 सितंबर को भी आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. IMD ने इन दिनों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की है.

बारिश के बीच इंडिया गेट पर दिखी रौनक

बारिश ने दिल्ली के मौसम में ठंडक और राहत घोल दी. बारिश के बीच इंडिया गेट के आसपास लोग मौसम का आनंद लेते नजर आए. कई लोग जॉगिंग और घूमने के लिए बाहर निकले, जबकि बच्चों ने भी बारिश के दौरान बाहर खेलकर मौसम का लुत्फ उठाया. बारिश से मौसम सुहावना तो हुआ, लेकिन शनिवार को दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई. गीता कॉलोनी और अकबर रोड समेत कुछ इलाकों में सुबह के समय सड़कों पर पानी जमा हो गया. इससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

गुरुग्राम में भी कई जगह पानी जमा

बारिश का असर दिल्ली से सटे एनसीआर के इलाकों में भी देखने को मिला. गुरुग्राम की प्रमुख सड़कों के कुछ हिस्सों में जलभराव हुआ. पानी जमा होने के कारण कई जगह वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और रोजाना सफर करने वाले लोगों को परेशानी हुई.

CM रेखा गुप्ता ने किया औचक निरीक्षण

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को लगातार बारिश के बीच सद्भावना पार्क और आसपास की सड़कों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से जलभराव की स्थिति और जल निकासी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को जलभराव वाले जगहों पर तत्काल पंप और जरूरी संसाधन लगाने के निर्देश दिए. उन्होंने जमा पानी की जल्द से जल्द निकासी सुनिश्चित करने और बारिश के दौरान जलभराव से जुड़ी समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा. (एएनआई)

POST A COMMENT