आंध्र प्रदेश में तंबाकू किसानों को राहत की उम्मीद, नीलामी में खरीदारों के बीच बढ़ा कंपटीशन

आंध्र प्रदेश में तंबाकू किसानों को राहत की उम्मीद, नीलामी में खरीदारों के बीच बढ़ा कंपटीशन

आंध्र प्रदेश में 2025-26 FCV तंबाकू की नीलामी में बाजार की स्थिति में सुधार हुआ है. कृषि मंत्री के अत्चन्नायडू के अनुसार, ‘नो-बिड’ बंडलों की संख्या घटी है और खरीदारों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ी है.

Advertisement
आंध्र प्रदेश में तंबाकू किसानों को राहत की उम्मीद, नीलामी में खरीदारों के बीच बढ़ा कंपटीशनतंबाकू किसानों को राहत (AI Image)

आंध्र प्रदेश में 2025-26 सीजन की फ्लू-क्योर्ड वर्जीनिया (FCV) तंबाकू नीलामी के दौरान बाजार की स्थिति में सुधार के संकेत मिले हैं. राज्य के कृषि मंत्री किंजरापु अत्चन्नायडू ने कहा कि हाल की नीलामियों में ‘नो-बिड’ यानी बोली नहीं लगने वाले तंबाकू के बंडलों की संख्या घट रही है और खरीदारों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ी है. कृषि मंत्री के मुताबिक, 4 सितंबर तक राज्य में 132 नीलामी दिवसों के दौरान करीब 86.5 मिलियन किलो यानी 8.65 करोड़ किलो FCV तंबाकू की बिक्री हो चुकी है. इस सीजन के लिए निर्धारित उत्पादन सीमा 142 मिलियन किलो थी, जबकि वास्तविक उत्पादन करीब 236 मिलियन किलो रहने का अनुमान है.

ज्यादा उत्पादन से बाजार पर पड़ा दबाव

कृषि मंत्री ने कहा कि निर्धारित सीमा से काफी अधिक उत्पादन होने के कारण बाजार में तंबाकू का सरप्‍लस बढ़ गया और कीमतों पर दबाव बना. हालांकि, हाल की नीलामियों में खरीदारों की भागीदारी और प्रतिस्पर्धा में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है.

इस सीजन अब तक FCV तंबाकू को औसतन 209.83 रुपये प्रति किलो का भाव मिला है. पिछले साल समान 132 नीलामी दिनों में 140.27 मिलियन किलो तंबाकू की बिक्री हुई थी और उस समय अंतिम औसत कीमत 248.86 रुपये प्रति किलो रही थी.

‘नो-बिड’ में आई बड़ी गिरावट

बाजार में सुधार का एक बड़ा संकेत ‘नो-बिड’ बंडलों की संख्या में कमी है. मौजूदा समय में रोजाना औसतन करीब 12 फीसदी बंडलों पर बोली नहीं लग रही है, जबकि कुछ नीलामी केंद्रों पर यह आंकड़ा घटकर 1 से 2 फीसदी से भी नीचे पहुंच गया है.

राज्य में फिलहाल हर हफ्ते लगभग 10 मिलियन किलो यानी एक करोड़ किलो तंबाकू बाजार में आ रहा है. मंत्री के अनुसार, खरीदारों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा से किसानों को मिलने वाले दाम में भी सुधार की उम्मीद बढ़ी है.

NLS में मिला 329 रुपये का सबसे ऊंचा भाव

क्षेत्रवार बात करें तो नॉर्दर्न लाइट सॉयल्स (NLS) क्षेत्र में FCV तंबाकू का सबसे ऊंचा भाव 329 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया. वहीं, सदर्न लाइट सॉयल्स (SLS) में अधिकतम बोली 255 रुपये और सदर्न ब्लैक सॉयल्स (SBS) में 252 रुपये प्रति किलो रही.

अगले सीजन उत्पादन सीमा घटाई गई

बाजार में जरूरत से ज्यादा तंबाकू की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आंध्र प्रदेश में 2026-27 सीजन की अनुमत FCV तंबाकू उत्पादन मात्रा को 142 मिलियन किलो से घटाकर 81 मिलियन किलो कर दिया गया है. सरकार का लक्ष्य उत्पादन को बाजार की मांग के अनुरूप रखना और अतिरिक्त उत्पादन से पैदा होने वाले दबाव को कम करना है.

किसानों को तय सीमा में खेती की सलाह

कृषि मंत्री ने कहा कि तंबाकू बोर्ड किसानों के बीच जागरूकता अभियान चला रहा है. किसानों को अगले सीजन में निर्धारित मात्रा के भीतर ही FCV तंबाकू की खेती करने के लिए समझाया जा रहा है. सरकार का जोर बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने पर है. (पीटीआई)

POST A COMMENT