अगस्त में महंगाई बढ़ने का अनुमान: दूध-चीनी, दालें और अनाज महंगा होने से बढ़ा दबाव

अगस्त में महंगाई बढ़ने का अनुमान: दूध-चीनी, दालें और अनाज महंगा होने से बढ़ा दबाव

अगस्त में भारत की खुदरा महंगाई बढ़कर 4.88 प्रतिशत पहुंचने का अनुमान है. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, खाद्य महंगाई 6.03 प्रतिशत तक जा सकती है. चीनी, अनाज, दाल और खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों से महंगाई पर दबाव रहने की संभावना है.

Advertisement
अगस्त में महंगाई बढ़ने का अनुमान: दूध-चीनी, दालें और अनाज महंगा होने से बढ़ा दबावअगस्‍त में खाद्य महंगाई बढ़ने का अनुमान (फाइल फोटो)

भारत में खुदरा महंगाई एक बार फिर बढ़ने का अनुमान है. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2026 में देश की हेडलाइन रिटेल महंगाई दर बढ़कर 4.88 प्रतिशत हो सकती है, जो जुलाई में 4.44 प्रतिशत थी. अगर अनुमान सही रहता है तो यह लगातार दूसरा महीना होगा जब उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति (CPI) में बढ़ोतरी दर्ज होगी और 2023-24 सीरीज में यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर होगा.

खाद्य महंगाई 6% के पार जाने का अनुमान

रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त में खाद्य महंगाई बढ़कर 6.03 प्रतिशत रह सकती है, जबकि जुलाई में यह 5.24 प्रतिशत थी. महंगाई पर खाने-पीने की कई जरूरी वस्तुओं की कीमतों में जारी तेजी का असर पड़ने की संभावना है. हालांकि, सब्जियों की महंगाई में बड़ी नरमी आने का अनुमान है और यह अगस्त में सालाना आधार पर सिर्फ 0.39 प्रतिशत रह सकती है.

सब्जियों में राहत, दूसरी खाद्य वस्तुओं से दबाव

सब्जियों की कीमतों में नरमी के बावजूद खाद्य महंगाई पर पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी, अनाज और खाद्य तेल जैसी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से सब्जियों की नरमी का असर काफी हद तक खत्म हो सकता है. वहीं, दालों और दूध की कीमतों में फिलहाल अपेक्षाकृत स्थिरता बनी हुई है.

चीनी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी का अनुमान

अगस्त में चीनी महंगाई सबसे बड़ी चिंता बनकर उभर सकती है. यूनियन बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, महीने के दौरान चीनी की कीमतों में करीब 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अनुमान है. इसके चलते अगस्त में चीनी की महंगाई मासिक आधार पर 11.53 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर होगा.

अनाज और दालों की महंगाई भी बढ़ने के आसार

रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि अगस्त में अनाज की महंगाई बढ़कर 2.2 प्रतिशत हो सकती है. वहीं, दालों की महंगाई 2.7 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है. रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू स्तर पर सीमित सप्‍लाई और कीमतों पर लगातार बने दबाव को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है.

दूध की कीमतों का असर आने वाले महीनों में दिखेगा

दूध की महंगाई में भी आने वाले महीनों में तेजी आने की संभावना जताई गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, कई राज्यों में खुदरा दूध की कीमतों में हाल में हुई बढ़ोतरी का असर अगले कुछ महीनों में महंगाई के आंकड़ों पर दिखाई दे सकता है.

सब्जियों को छोड़कर CPI 5.11% तक पहुंचने का अनुमान

रिपोर्ट के मुताबिक, सब्जियों को CPI से बाहर रखने पर महंगाई दर अगस्त में और बढ़कर 5.11 प्रतिशत हो सकती है. यानी सब्जियों की कीमतों में अनुमानित नरमी के बावजूद बाकी खाद्य और गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों का दबाव महंगाई को ऊंचा रख सकता है.

कोर महंगाई भी बढ़ने की संभावना

रिपोर्ट में कोर महंगाई के अगस्त में बढ़कर 4.30 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि जुलाई में यह 4.15 प्रतिशत थी. वहीं, कीमती धातुओं और ऑटो फ्यूल को हटाकर देखी जाने वाली कोर महंगाई भी अगस्त में मामूली बढ़कर 2.70 प्रतिशत तक पहुंच सकती है. (एएनआई)

POST A COMMENT