Bengal में BJP का परचम, क्या अब PM Kisan की राशि होगी 9 हजार? वादे याद कर रहे किसान

Bengal में BJP का परचम, क्या अब PM Kisan की राशि होगी 9 हजार? वादे याद कर रहे किसान

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत हुई है. बंगाल में बीजेपी की लगभग दो तिहाई सीट से जीत के बाद किसान इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि क्या वाकई उनकी आय में यह बढ़ोतरी जल्द देखने को मिलेगी.

पीएम किसान योजनापीएम किसान योजना
संदीप कुमार
  • Noida,
  • May 04, 2026,
  • Updated May 04, 2026, 3:45 PM IST

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत हुई है. जिसके बाद सियासत के साथ-साथ किसानों को लेकर भी नई चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीजेपी की जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का वह बयान फिर से सुर्खियों में आ गया है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की राशि बढ़ाने की बात कही थी. चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह ने किसानों से वादा किया था कि अगर बंगाल में बीजेपी की सरकार बनती है, तो पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली सालाना राशि 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये की जाएगी. अब जब नतीजे सामने आ चुके हैं, तो किसानों के बीच इस वादे को लेकर उम्मीदें और चर्चाएं दोनों बढ़ गई हैं.

PM किसान की राशि बढ़ी तो मिलेगी राहत

बंगाल में बीजेपी की लगभग दो तिहाई सीट से जीत के बाद किसान इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि क्या वाकई उनकी आय में यह बढ़ोतरी जल्द देखने को मिलेगी. कई किसानों का मानना है कि बढ़ती लागत और खेती में आ रही चुनौतियों के बीच यह अतिरिक्त सहायता उनके लिए काफी राहत भरी साबित हो सकती है. खासकर छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह राशि बीज, खाद और अन्य जरूरी खर्चों में मददगार हो सकती है.

क्या बीजेपी बढ़ाएगी PM किसान का राशि?

विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के वादे सिर्फ आर्थिक राहत तक सीमित नहीं होते, बल्कि इनका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसान वर्ग के भरोसे पर भी पड़ता है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार इस घोषणा को कब और कैसे लागू करती है. फिलहाल, बंगाल के किसानों के बीच एक नई उम्मीद जगी है. अगर यह वादा पूरा होता है, तो न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि केंद्र और राज्य की नीतियों पर उनका विश्वास भी और गहरा होगा.

अमित शाह ने क्या किया था वादा

अमित शाह ने चुनाव प्रचार में कहा था कि अगर बीजेपी बंगाल में जीतेगी तो पीएम किसान सम्मान निधि योजना में हम राज्य की तरफ से अतिरिक्त 3,000 रुपये जोड़ेंगे और किसानों को सालाना 9,000 रुपये की वित्तीय सहायता देंगे. हम एक ऐसी योजना शुरू करेंगे जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि धान, आलू और आम उगाने वाले किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले.

3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने की घोषणा

इसके अलावा उन्होंने कहा था कि बंगाल में BJP सरकार हर किसान का 100 फीसदी धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदेगी, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि किसानों को अपनी फसलें कम कीमतों पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े. अमित शाह ने कहा था कि महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करने के लिए वो हर महीने 3000 रुपये देंगे. इसके साथ ही, BJP सरकार राज्य में पुलिस बल के साथ-साथ सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देंगे. 75 लाख 'लखपति दीदी' बनाकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करेंगे.

आलू किसानों को लेकर बोले थे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि TMC सरकार आलू की खेती को बर्बाद कर रही है. इसी वजह से आलू किसान आत्महत्या कर रहे हैं. पहले उन्होंने आलू किसानों से उनकी उपज खरीदने का वादा किया, और बाद में आलू की फसल को सड़ने के लिए छोड़ दिया. इस विश्वासघात के लिए TMC को सजा मिलनी चाहिए, और इसलिए, बदलाव बेहद जरूरी है. पीएम मोदी ने कहा था कि अगर यहां PM फसल बीमा योजना लागू होती, तो फसल बर्बाद होने पर किसानों को मुआवजा मिलता. लेकिन क्योंकि इस योजना में 'PM' शब्द जुड़ा है, इसलिए यहां के CM नाराज हो जाते हैं. PM का नाम सुनते ही CM भड़क उठते हैं.

बता दें कि खबर लिखे जाने तक बंगाल में बीजेपी 194 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं, राज्य में 15 साल तक सत्ता में काबिज ममता बनर्जी की TMC मात्र 94 सीटों पर सिमटती हुई नजर आ रही है. ऐसे में देखना ये होगा कि इतनी प्रचंड बहुमत से बीजेपी के जीतने के बाद क्या बंगाल के किसानों की किस्मत बदलेगी. 

MORE NEWS

Read more!