
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान हैं, नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है. अखिलेश ने ऐलान किया कि किसानों की खुशहाली, युवाओं को रोजगार और सरकार में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई सपा का सबसे बड़ा मुद्दा होगा.
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने किसानों को धोखा दिया है. उन्होंने कहा कि गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश के किसानों को खाद और डीएपी तक नहीं मिल पा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि बिजली महंगी हो गई है और पेट्रोल-डीजल समेत रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता महंगाई से परेशान है.
बेरोजगारी पर अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है. बच्चों को रोजगार और नौकरी चाहिए, केवल टैबलेट देने से उनका भविष्य नहीं बनेगा. उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने युवाओं को बेहतर कंपनियों के लैपटॉप दिए थे, जो आज भी इस्तेमाल हो रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में एआई, रोबोटिक्स, मेडिकल, इंडस्ट्री, मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में युवाओं को तैयार करने के लिए आधुनिक शिक्षा दी जाएगी.
अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा है और सरकारी अस्पतालों की हालत इतनी खराब है कि अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत है. उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर गरीबों का सीधा इलाज कराया जाएगा, जांच मुफ्त होगी और एंबुलेंस व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा.
गठबंधन को लेकर अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस के साथ बातचीत बहुत जल्द शुरू होगी. उनके मुताबिक एकादशी के बाद सीटों के बंटवारे को लेकर बैठक और बातचीत की तारीख तय हो जाएगी. उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस पहले भी INDIA गठबंधन के तहत चुनाव लड़ चुके हैं और आगे भी गठबंधन को मजबूत किया जाएगा.
सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि जीतने वाले प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी जाएगी. सीट किसकी है या किस पार्टी के हिस्से में जाएगी, इससे ज्यादा जरूरी जीतने वाला उम्मीदवार है. गठबंधन के सभी दल मिलकर ऐसे प्रत्याशी तय करेंगे, जिनके पक्ष में आसानी से वोट ट्रांसफर हो सके.
अखिलेश ने संकेत दिया कि चुनाव से ठीक पहले INDIA गठबंधन में कुछ और दल भी शामिल हो सकते हैं और आखिरी समय में कई लोग गठबंधन की तरफ आ सकते हैं. छोटे दलों को लेकर बीजेपी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि सपा के साथ पीडीए की छतरी के नीचे लगातार लोग जुड़ रहे हैं.
अखिलेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने की बात कही थी, लेकिन चुनाव आयोग की आपत्ति के बाद उन्होंने इस मुद्दे पर बोलना बंद कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि अब अधिकारियों के जरिए बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में हेराफेरी की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि सपा मतदाता सूची पर नजर रखेगी और जनता के वोट के अधिकार की रक्षा करेगी.
बीजेपी की मथुरा में हुई चिंतन बैठक पर अखिलेश ने कहा कि पार्टी को पहले अपने पिछले 10 साल के कामकाज का हिसाब देना चाहिए. बीजेपी के नारे 'राधे-राधे, कमल खिला दे' पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि बीजेपी खुद स्वीकार कर रही है कि उसका कमल मुरझा गया है, और मुरझाया हुआ फूल दोबारा नहीं खिलता. उन्होंने बीजेपी पर जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक आयोजनों और कथाओं का सहारा लेने का आरोप लगाया.