CM योगी ने यूपी की पहली 'वानिकी एवं बागवानी यूनिवर्सिटी' की नींव रखी, किसानों को मिलेगी खास ट्रेनिंग

CM योगी ने यूपी की पहली 'वानिकी एवं बागवानी यूनिवर्सिटी' की नींव रखी, किसानों को मिलेगी खास ट्रेनिंग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के कैंपियरगंज में यूपी की पहली फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखी. 125 एकड़ में 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय में बीएससी, एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई होगी.

up first forestry horticulture universityup first forestry horticulture university
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 19, 2026,
  • Updated Nov 19, 2026, 7:10 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज में प्रदेश की पहली वानिकी एवं बागवानी यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखी. 125 एकड़ में 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय में बीएससी, एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई होगी. यहां किसानों को आधुनिक खेती, बागवानी, एग्रोफॉरेस्ट्री और नई किस्मों के विकास की ट्रेनिंग भी दी जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश में वानिकी और बागवानी शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा. विश्वविद्यालय में पढ़ाई के साथ शोध और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जाएगा.

वन विभाग के अधिकारियों और किसानों को मिलेगी ट्रेनिंग

सीएम योगी ने कहा कि यह संस्थान सिर्फ डिग्री देने तक सीमित नहीं रहेगा. यहां वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. विश्वविद्यालय में आधुनिक प्रयोगशालाएं विकसित की जाएंगी और टिश्यू कल्चर तकनीक पर शोध को बढ़ावा मिलेगा. इससे एग्रोफॉरेस्ट्री और बागवानी के क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने में मदद मिलेगी.

वन रक्षक से लेकर DFO तक नौकरी के खुलेंगे रास्ते

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी करने वाले युवाओं के लिए वन विभाग में रोजगार के नए अवसर बनेंगे. विद्यार्थी वन रक्षक, वनपाल, वन क्षेत्राधिकारी, सहायक वन संरक्षक, उप वन संरक्षक और प्रभागीय वन अधिकारी जैसे पदों पर करियर बना सकेंगे. इसके अलावा सरकारी भर्ती परीक्षाओं के जरिए भी विभिन्न सेवाओं में जाने का अवसर मिलेगा.

खेतों की मेड़ पर पेड़ लगाकर बढ़ा सकेंगे कमाई

सीएम योगी ने किसानों को खेती के साथ पेड़ लगाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि किसान अपने खेतों की मेड़ों पर सागौन, शीशम, पॉपलर, यूकेलिप्टस और बबूल जैसे पेड़ लगा सकते हैं. इससे फसल उत्पादन के साथ लकड़ी के जरिए अतिरिक्त आमदनी का रास्ता बनेगा. उन्होंने कहा कि किसान अपनी जमीन पर लगाए गए पेड़ों को काट सकें, इसके लिए सरकार अनुमति प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जल्द ही नियमों में संशोधन करेगी. सत्यापन के बाद किसानों को अनावश्यक कागजी प्रक्रियाओं से राहत देने की दिशा में काम किया जाएगा.

केले, आम और हल्दी की बेहतर किस्मों पर होगा शोध

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय में बागवानी फसलों की उन्नत किस्में विकसित करने और गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराने पर काम होगा. इसमें केला, आलू, अदरक, हल्दी, आंवला और आम जैसी फसलें शामिल हैं. उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कैंपियरगंज के किसानों ने केले की खेती को आगे बढ़ाने में पहल की थी, लेकिन बाद में इस क्षेत्र में इसका रकबा घट गया. अब टिश्यू कल्चर तकनीक के जरिए केले के गुणवत्तापूर्ण पौधे स्थानीय स्तर पर तैयार कर खेती को फिर से बढ़ावा दिया जा सकता है.

जैविक सब्जियों की खेती को भी मिलेगा बढ़ावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर और लखनऊ जैसे शहरों में जैविक सब्जियों की मांग बढ़ रही है. विश्वविद्यालय किसानों को जैविक सब्जी उत्पादन की तकनीक से जोड़ने में मदद करेगा. इससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को बाजार की मांग के मुताबिक खेती करने के अवसर मिलेंगे. संस्थान का उद्देश्य युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर तैयार करना तथा कृषि आधारित उद्योगों को मजबूत करना भी है.

अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय की कक्षाएं अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू करने की योजना है. शुरुआत में पढ़ाई किसी दूसरे स्थान पर संचालित की जाएगी, जबकि मुख्य परिसर का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह संस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश में शिक्षा और शोध के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में हुई अत्यधिक बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का भी जिक्र किया. उन्होंने घोषणा की कि प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा. इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त राहत पैकेज भी उपलब्ध कराया जाएगा. 

792 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत

कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र में 792 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत के तहत विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर-सोनौली के बीच फोरलेन सड़क, कॉलेज, स्टेडियम और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य भी क्षेत्र के विकास को गति देंगे. उन्होंने कहा कि वानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के जरिए विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती देगा.

MORE NEWS

Read more!