बांध के विरोध में कावेरी की रेत में उतरे तमिलनाडु के किसान, खुद को दफनाया

बांध के विरोध में कावेरी की रेत में उतरे तमिलनाडु के किसान, खुद को दफनाया

तिरुचिरापल्ली में राष्ट्रीय दक्षिण भारतीय नदी जोड़ो किसान संघ के किसानों ने कावेरी नदी की रेत में खुद को दफनाकर प्रदर्शन किया. संघ के प्रदेश अध्यक्ष अय्याकन्नू के नेतृत्व में किसानों ने कर्नाटक सरकार पर कावेरी जल छोड़ने में देरी का आरोप लगाया और मेकेदातु बांध का विरोध किया.

Mekedatu dam protestMekedatu dam protest
क‍िसान तक
  • तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु),
  • Nov 19, 2026,
  • Updated Nov 19, 2026, 7:01 PM IST

राष्ट्रीय दक्षिण भारतीय नदी जोड़ो किसान संघ (National South Indian Rivers Interlinking Farmers Association) से जुड़े किसानों ने तिरुचिरापल्ली में कावेरी नदी की रेत में खुद को दफनाकर अनोखा प्रदर्शन किया. किसानों ने तमिलनाडु को कावेरी जल छोड़ने में देरी के लिए कर्नाटक सरकार की निंदा की और प्रस्तावित मेकेदातु बांध का विरोध किया.

किसानों ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के उन बयानों का भी विरोध किया, जिनमें वे बार-बार कह रहे हैं कि कावेरी नदी पर मेकेदातु बांध बनाया जाएगा.

अय्याकन्नू के नेतृत्व में नदी में उतरे किसान

प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के प्रदेश अध्यक्ष अय्याकन्नू ने किया. वे किसानों को लेकर तिरुचिरापल्ली में कावेरी नदी में उतरे. प्रदर्शनकारियों ने नदी की रेत में खुद को दफनाकर कावेरी जल विवाद और प्रस्तावित मेकेदातु बांध पर कर्नाटक के रुख के प्रति अपना विरोध जताया.

डेल्टा के किसानों की जीवनरेखा है कावेरी

कावेरी नदी तमिलनाडु के लिए पानी का प्रमुख स्रोत और राज्य के डेल्टा जिलों के किसानों की जीवनरेखा है. इन जिलों के हजारों किसान खेती के लिए नदी के पानी पर निर्भर हैं. तमिलनाडु के हिस्से का कावेरी जल छोड़े जाने की मांग किसान लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे को लेकर विवाद बना हुआ है.

मेकेदातु परियोजना पर किसानों की चिंता

इस बीच कर्नाटक सरकार कावेरी पर मेकेदातु में बांध बनाने के अपने प्रस्ताव को आगे बढ़ा रही है. तमिलनाडु के किसान इस परियोजना का लगातार विरोध करते रहे हैं. उन्हें आशंका है कि इसके लागू होने से राज्य को मिलने वाले पानी के प्रवाह पर असर पड़ सकता है. इसे देखते हुए शिवकुमार के बार-बार दिए जा रहे बयानों से तमिलनाडु के किसानों में रोष है.(प्रमोद माधव की रिपोर्ट)

MORE NEWS

Read more!