यूपी में आज भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा (File Photo-ITG)उत्तर प्रदेश में 17 जून यानी बुधवार से एक बार फिर भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा. भारतीय मौसम विभाग ने गर्मी के साथ लू चलने की भी संभावना जताई गई है. वहीं 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी भी चल सकती है. लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौसमी सक्रियता में प्रभाव की कमी के परिणामस्वरूप तापमान में प्रभावी वृद्धि होने के कारण प्रदेश में एक बार फिर से गर्मी में वृद्धि होने की संभावना है.जबकि वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, बस्ती जैसे जिले में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है.
उन्होंने बताया कि आगामी 4-5 दिनों के दौरान कहीं- कहीं ऊष्ण लहर (लू) की स्थितियां उत्पन्न होने की संभावना जताई गई है. सिंह ने बताया कि आज कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है.
इसी क्रम में अभी उत्तर प्रदेश में मॉनसून के आने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं. वहीं प्रयागराज, वाराणसी और बांदा में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है. आज यूपी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कोई चेतावनी नहीं है. ऐसे में गर्मी अपना पूरा तेवर दिखाएगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तेज हवा का झोंका चल सकता है और तूफान आने की संभावना है.
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया है कि आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके चलते प्री-मॉनसून बारिश हो रही है. मॉनसून यूपी के बिहार बॉर्डर पर पहुंच गया है. उम्मीद है कि 20-23 जून तक झारखंड के रास्ते मानसून यूपी के सोनभद्र में एंट्री कर सकता है.
वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए राज्य के सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को 24 जून तक बढ़ा दिया है. स्कूल अब 25 जून से दोबारा खुलेंगे, जबकि शिक्षक शैक्षणिक तैयारियों को पूरा करने के लिए 22 जून से विद्यालयों में उपस्थित होंगे. योगी सरकार ने सभी जिलों में एक समान अवकाश लागू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शैक्षणिक सत्र में 220 शिक्षण दिवस सुनिश्चित किए जा सकें और बच्चों के लिए बेहतर सीखने का वातावरण तैयार हो.
ये भी पढ़ें-
PM Kisan Yojana की 23वीं किस्त की तारीख का ऐलान, किसानों के खाते में इस दिन आएंगे 2000 रुपये
जिस आम की कीमत लाखों में, वो सबसे पहले भगवान को चढ़ा—अयोध्या में अनोखी मिसाल
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today