मंडी में सड़ रही फल और सब्जियांहरियाणा के करनाल में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब सिर्फ लोगों पर ही नहीं, बल्कि फलों और सब्जियों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. लगातार बढ़ते तापमान के कारण सब्जी मंडी में किसानों और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. हालात ऐसे हैं कि टमाटर, खरबूजे और तरबूज जैसी जल्दी खराब होने वाली उपज मंडी में पहुंचने के कुछ ही घंटों के भीतर सड़ने और खराब होने लगी है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण फलों और सब्जियों की क्वालिटी तेजी से प्रभावित हो रही है, जिससे उनकी बिक्री भी प्रभावित हो रही है.
किसानों का कहना है कि बड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल मंडी तक पहुंचने के बाद खराब हो रही है, जबकि सब्जी व्यापारी भी नुकसान झेलने को मजबूर हैं. बढ़ती गर्मी ने किसानों और व्यापारियों दोनों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि खराब होती उपज का सीधा असर उनकी आय पर पड़ रहा है.
करनाल मंडी में टमाटर और तरबूज की फसल लेकर पहुंचे किसान संजीव ने बताया कि भीषण गर्मी की वजह से उनकी फसल खराब हो रही है. उन्होंने कहा कि मंडी में पहुंचने तक टमाटर और तरबूज सड़ने लगे हैं, जिससे किसान, आढ़ती और खरीदार सभी परेशान हैं. संजीव के अनुसार, इस बार गर्मी ने फसलों को बुरी तरह प्रभावित किया है. तेज तापमान के कारण उनकी काफी उपज खराब हो गई, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि खराब गुणवत्ता की वजह से मंडी में फसलों के अच्छे दाम भी नहीं मिल रहे हैं.
उन्होंने कहा कि तरबूज सिर्फ 3 से 4 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है, जबकि टमाटर की एक क्रेट मात्र 100 रुपये में बिक रही है. किसान का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है और खासकर छोटे और गरीब किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है.
करनाल मंडी के फल और सब्जी व्यापारी शेखर राणा ने बताया कि भीषण गर्मी का असर फलों और सब्जियों पर साफ दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाली उपज एक दिन भी ठीक से नहीं टिक पा रहा है, जो सामान आज आता है, वह अगले दिन तक खराब होने लगता है, जिससे उसकी कीमत आधी रह जाती है. उन्होंने बताया कि तेज गर्मी और लू के कारण फलों और सब्जियों की क्वालिटी तेजी से खराब हो रही है. मंडी में पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही सामान नरम और खराब होने लगता है. ऐसे में अगले दिन उसे बेचने पर अच्छे दाम नहीं मिलते. शेखर राणा ने कहा कि इस स्थिति से किसानों और व्यापारियों दोनों को भारी नुकसान हो रहा है. वहीं, भीषण गर्मी की वजह से मंडी में ग्राहकों की संख्या भी कम हो गई है, जिससे बिक्री पर और ज्यादा असर पड़ रहा है.
सब्जी व्यापारी ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण दोपहर में मंडी में ग्राहक बहुत कम आते हैं. ज्यादातर लोग शाम के समय ही खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि तेज गर्मी की वजह से सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं, जिससे उनके दाम भी गिर गए हैं. पहले टमाटर की एक क्रेट 400 रुपये में बिकती थी, लेकिन अब खराब होने के कारण करीब 150 रुपये में बेचनी पड़ रही है. व्यापारी के अनुसार, गर्मी का कारोबार पर बड़ा असर पड़ा है. बिक्री काफी कम हो गई है और काम पहले के मुकाबले आधे से भी कम रह गया है.
पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी का असर लोगों के साथ-साथ अब फलों और सब्जियों पर भी दिखाई देने लगा है. बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं गर्मी की वजह से फल और सब्जियां भी जल्दी खराब हो रही हैं. इससे किसानों और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी चिंता बढ़ गई है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि लोगों को इस भीषण गर्मी से कब राहत मिलेगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today