चरखी दादरी मंडी में बाजरा खरीद में धांधलीहरियाणा स्थित दादरी की नई अनाज मंडी में बाजरा खरीद के दौरान स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आई है. मंडी के रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध बाजरे के भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) में 68,405 क्विंटल की शॉर्टेज मिली है.
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के मंडी दौरे के दौरान किसानों और आढ़तियों की ओर से गेट पास कटने सहित खरीद प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतें मिलने के बाद उपायुक्त मनदीप कौर ने तीन सदस्यीय संयुक्त जांच कमेटी गठित कर बाजरे के स्टॉक का वेरिफिकेशन करवाया था. जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक आईएएस धर्मेंद्र सिंह ने मार्केट कमेटी के सचिव सहित पांच अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया.
जांच में मंडी रिकॉर्ड के अनुसार बाजरे की कुल आवक 4,18,290 क्विंटल दर्ज मिली. इसमें से 2,32,375 क्विंटल बाजरा गोदामों में भेजा जाना दर्ज है. इसके बाद रिकॉर्ड के अनुसार मंडी में 1,85,915 क्विंटल बाजरा शेष होना चाहिए था. लेकिन टीम के फिजिकल वेरिफिकेशन में मौके पर केवल 1,17,510 क्विंटल बाजरा ही मिला.
इस तरह रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक के बीच 68,405 क्विंटल का अंतर सामने आया. जिसके बाद हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा मार्केट कमेटी के पूर्व सचिव-सह-कार्यकारी अधिकारी विद्या सागर, लेखाकार तेजवीर सिंह, मंडी सुपरवाइजर राकेश कुमार, मंडी सुपरवाइजर चतुर्भुज और ऑक्शन रिकॉर्डर सतीश कुमार को निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय बोर्ड मुख्यालय पंचकूला स्थित सीएमईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है.
मार्केट कमेटी के सचिव विजय कुमार ने बताया कि कृषि मंत्री के दौरे के दौरान मिली शिकायतों के बाद उपायुक्त के आदेश पर संयुक्त टीम ने मंडी में बाजरे का फिजिकल वेरिफिकेशन किया था. इसमें करीब 68 हजार क्विंटल की शॉर्टेज सामने आई. ड्यूटी में लापरवाही के आधार पर पांच कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है.
अब जांच रिपोर्ट के आधार पर फर्मवार और खरीद एजेंसीवार बाजरे के स्टॉक का विस्तृत मिलान किया जा रहा है. जिस फर्म या एजेंसी के स्तर पर जितनी शॉर्टेज सामने आएगी, उसके आधार पर आगामी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today