बंगाल के आलू किसानों पर गहराया संकट (फाइल फोटो)पश्चिम बंगाल में इस बार आलू का उत्पादन पिछले पांच साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है. राज्य में 2025-26 सीजन के दौरान आलू उत्पादन 140 लाख टन के पार निकल गया, जिसके बाद कोल्ड स्टोरेज में भंडारण भी तेजी से बढ़ा है. पश्चिम बंगाल कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य पतित पावन डे ने बताया कि मौसम अनुकूल रहने और खेती का रकबा थोड़ा बढ़ने से किसानों को इस बार बेहतर पैदावार मिली है. रिकॉर्ड उत्पादन का असर सीधे कोल्ड स्टोरेज पर दिखाई दे रहा है. इस साल करीब 74 लाख टन आलू कोल्ड स्टोरेज में रखा गया है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा करीब 65 लाख टन था.
बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, पतित पावन डे ने कहा कि राज्य के 95 प्रतिशत से ज्यादा कोल्ड स्टोरेज लगभग पूरी तरह भर चुके हैं. उन्होंने कहा कि इस बार किसानों ने खुद बड़ी मात्रा में आलू को कोल्ड स्टोरेज में रखा है. कारोबारियों ने पिछले साल भारी नुकसान झेलने के बाद इस बार स्टॉक रखने में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई. पिछले सीजन में आलू की कीमतों में भारी गिरावट के कारण किसानों और व्यापारियों दोनों को नुकसान उठाना पड़ा था.
बीते साल पश्चिम बंगाल में आलू के थोक दाम तेजी से गिर गए थे. बड़ी मात्रा में आलू कोल्ड स्टोरेज में फंसा रह गया था और किसानों को मजबूरी में कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ी थी. दूसरे राज्यों में सप्लाई कमजोर पड़ने से भी बाजार प्रभावित हुआ था. उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि ओडिशा, झारखंड और बिहार जैसे प्रमुख बाजारों में उत्तर प्रदेश ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. वहीं, पश्चिम बंगाल में पिछले साल अंतरराज्यीय व्यापार पर लगी रोक का फायदा यूपी को मिला और उसने इन बाजारों में तेजी से सप्लाई बढ़ाई है.
अब राज्य में नई बीजेपी सरकार बनने के बाद आलू, प्याज, फल, सब्जियां और अन्य जरूरी कृषि उत्पादों की अंतरराज्यीय आवाजाही पर लगी पाबंदियां हटा दी गई हैं. मंत्री दिलीप घोष मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “इस बार आलू का उत्पादन ज्यादा हुआ है, जिसके चलते कीमतें गिर गई हैं. ममता बनर्जी सरकार ने बंगाल से बाहर आलू बेचने पर रोक लगा दी थी. हमारे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि आलू हर जगह बेचा जाएगा. किसानों को उनकी कीमतें मिलनी चाहिए. इस बारे में बातचीत चल रही है.”
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today