महंगाई का एक और झटका! वेरका ने बढ़ाए दूध और पनीर के दाम, लोगों में नाराजगी

महंगाई का एक और झटका! वेरका ने बढ़ाए दूध और पनीर के दाम, लोगों में नाराजगी

वेरका ने दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर और पनीर के दाम 10 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए हैं. कंपनी ने इसकी वजह दूध खरीद लागत, पैकेजिंग खर्च और LPG की बढ़ती कीमतों को बताया है. ईरान-अमेरिका तनाव का असर भी लागत पर पड़ा है. बढ़ती महंगाई के बीच इस फैसले से आम लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है.

Advertisement
महंगाई का एक और झटका! वेरका ने बढ़ाए दूध और पनीर के दाम, लोगों में नाराजगीवेरका डेयरी

देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच अब दूध भी लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगा है. अमूल और मदर डेयरी के बाद पंजाब की मशहूर डेयरी ब्रांड वेरका ने दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर और पनीर के दाम में 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है. आपको बता दें कल शाम अमूल और मदर डेयरी ने भी कल 2 प्रति लीटर दूध की कीमत बढ़ा दी है. वेरका की नई कीमतें लागू होते ही आम लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है. लोगों का कहना है कि पहले से ही रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है और अब दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरी चीज भी महंगी हो गई है.

Amul दूध भी हुआ महंगा

देश की प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. कंपनी ने सभी प्रकार के दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा करने का फैसला किया है. नई दरें 14 मई 2026 से लागू होंगी, जिसका असर देशभर के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा.

कंपनी के अनुसार, दूध के दाम बढ़ाने का मुख्य कारण पशु आहार (कैटल फीड) और पैकेजिंग लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी है. इन लागतों के बढ़ने से उत्पादन खर्च में इजाफा हुआ है, जिसे संतुलित करने के लिए कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया.

अमूल का कहना है कि किसानों से दूध की खरीद कीमत भी बढ़ी है, जिससे डेयरी उद्योग पर दबाव बढ़ा है. ऐसे में यह बढ़ोतरी किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए भी की जा रही है.

मदर डेयरी भी इसमें शामिल

मदर डेयरी ने अपने विभ‍िन्‍न मिल्क वेरिएंट्स की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. नई दरें 14 मई 2026 से लागू होंगी. कंपनी ने बढ़ती खरीद लागत और किसानों को अधिक भुगतान की जरूरत को इस फैसले की मुख्य वजह बताया है. कंपनी के अनुसार, पिछले एक साल में दूध खरीद की लागत में करीब 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. लगातार लागत बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं पर असर कम रखने की कोशिश की गई, लेकिन अब कीमतों में आंशिक संशोधन जरूरी हो गया था. 

कमाई नहीं बढ़ रही, खर्च लगातार बढ़ रहा

दूध के दाम बढ़ने के बाद कई लोगों ने चिंता जताई है. लोगों का कहना है कि पहले ही सब्जियां, गैस, बिजली और अन्य घरेलू सामान महंगे हो चुके हैं. ऐसे में दूध और पनीर के दाम बढ़ने से घर का बजट और बिगड़ जाएगा. कई परिवारों का कहना है कि आमदनी के मुकाबले खर्च तेजी से बढ़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी चलाना मुश्किल होता जा रहा है.

आखिर वेरका ने दाम क्यों बढ़ाए?

वेरका के डिप्टी जनरल मैनेजर (सेल्स एंड डिस्ट्रीब्यूशन) राजीव बजाज ने कीमतें बढ़ाने के पीछे कई वजहें बताई हैं. उनके अनुसार सबसे बड़ी वजह दूध खरीद लागत का बढ़ना है. अब डेयरी किसानों को पहले से ज्यादा भुगतान करना पड़ रहा है, जिससे कंपनी का खर्च बढ़ गया है.

उन्होंने बताया कि दूसरी बड़ी वजह मध्य पूर्व में बढ़ता तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच जारी हालात हैं. इसका असर पैकेजिंग उद्योग पर भी पड़ा है. पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले कई सामानों के दाम बढ़ गए हैं. इसके अलावा LPG की कीमतें भी बढ़ी हैं, जिसका सीधा असर डेयरी उद्योग पर पड़ रहा है. वेरका का कहना है कि कंपनी ने लंबे समय तक दाम नियंत्रित रखने की कोशिश की, लेकिन अब कीमतें बढ़ाना मजबूरी बन गया था.

कई राज्यों में लागू हुई नई कीमतें

वेरका के करीब 600 बूथ हैं और कंपनी पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत कई राज्यों में दूध और डेयरी उत्पाद बेचती है. कंपनी ने साफ किया है कि नई कीमतें सभी क्षेत्रों में लागू कर दी गई हैं.

आम लोगों पर क्या पड़ेगा असर?

विशेषज्ञों का मानना है कि दूध के दाम बढ़ने का असर सीधे आम परिवारों पर पड़ेगा, क्योंकि दूध हर घर की जरूरत है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों वाले परिवारों में दूध की खपत ज्यादा होती है. ऐसे में लगातार बढ़ती महंगाई लोगों की चिंता और बढ़ा रही है.

दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब पहले से ही घरेलू बजट दबाव में है. अब लोगों की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में अन्य डेयरी उत्पादों के दाम भी बढ़ते हैं या नहीं.

ये भी पढ़ें: 

Fisheries Technology: टेक्नोलॉजी की मदद से तालाब से घर तक फ्रेश मछली पहुंचाने की है तैयारी
पंजाब में फसल विविधीकरण को मिलेगा बढ़ावा, कृषि मंत्री शिवराज और CM मान की इन मुद्दों पर हुई बातचीत

POST A COMMENT