लाहौल-स्‍पीति में Flash Flood से फसलों और सिंचाई व्यवस्था को नुकसान, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

लाहौल-स्‍पीति में Flash Flood से फसलों और सिंचाई व्यवस्था को नुकसान, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में 11 अगस्त को आई फ्लैश फ्लड से कुछ खेतों में खड़ी फसलों और सिंचाई व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है. मुंची-टिन्नो सड़क का करीब 700 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि 63 मीटर सिंचाई पाइप और छोटी नहरें भी प्रभावित हुई हैं. वहीं, मौसम विभाग ने फिर भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
लाहौल-स्‍पीति में Flash Flood से फसलों और सिंचाई व्यवस्था को नुकसान, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्टफ्लैश फ्लड से मची तबाही (AI Image)

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में 11 अगस्त को अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) से फसलों और सिंचाई व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है. शुरुआती आकलन के मुताबिक, मुंची और चापोर नाले में अचानक आई बाढ़ से कुछ खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हुआ है. इसके अलावा 63 मीटर सिंचाई पाइप और निजी और सरकारी कुहल (छोटी सिंचाई नहरों) को भी नुकसान पहुंचा है. फ्लैश फ्लड के कारण मुंची-टिन्नो सड़क का करीब 700 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है. अधिकारियों ने 12 अगस्त को प्रभावित इलाकों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की. यह शुरुआती आकलन एसडीओ सिविल, केलांग कनिका और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने किया.

राज्य में 200 सड़कें बंद, बिजली-पानी व्‍यवस्‍था प्रभावित

हिमाचल में गुरुवार को मौसम में ज्यादातर सूखापन रहा, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, बारिश और भूस्खलन से राज्य में 200 सड़कें बंद हैं. इनमें मंडी की 64, कुल्लू की 60, शिमला की 32 और चंबा की 24 सड़कें शामिल हैं. 

सिरमौर में छह, कांगड़ा में पांच, ऊना में चार, लाहौल-स्पीति में तीन और किन्नौर में दो सड़कें बंद हैं. राज्य में 45 बिजली ट्रांसफॉर्मर अभी प्रभावित हैं, जिनमें अकेले मंडी जिले में 35 ट्रांसफॉर्मर शामिल हैं. इसके अलावा 39 पेयजल आपूर्ति योजनाओं पर भी असर पड़ा है. बारिश के कारण कई इलाकों में बुनियादी ढांचे को नुकसान की स्थिति बनी हुई है.

10 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, शिमला, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा में हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने 14, 17 और 18 अगस्त को राज्य में कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

रोहड़ू में 22 मिमी बारिश दर्ज हुई

राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. रोहड़ू में सबसे ज्यादा 22 मिमी बारिश हुई. खड़राला में 17 मिमी और कसौली में 12 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. सराहन और कोठी में 2-2 मिमी बारिश दर्ज हुई.

तापमान सामान्य से ऊपर

हिमाचल में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. कुकुमसेरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य में फिलहाल कई सड़कें और जल-बिजली से जुड़ी व्यवस्थाएं प्रभावित हैं. ऐसे में 14, 17 और 18 अगस्त को संभावित भारी बारिश के दौरान पहले से प्रभावित इलाकों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं. प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन जारी रखा है. (पीटीआई)

POST A COMMENT