महाराष्ट्र पानी का संकट गहराया (AI- Image)महाराष्ट्र के लातूर में पानी की कमी को देखते हुए भाजपा नेता एक खास अपील की है. भाजपा नेता शिवाजीराव पाटिल कावहेकर ने मंजारा बांध से उद्योगों और चीनी मिलों को होने वाली पानी की आपूर्ति तुरंत बंद करने की मांग की है. उनका कहना है कि बांध में अब सिर्फ 4 प्रतिशत उपयोगी पानी बचा है, ऐसे में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पीने के पानी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. उन्होंने क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की मराठवाड़ा जल ग्रिड परियोजना को भी जल्द लागू करने की मांग की है.
शिवाजीराव पाटिल कावहेकर ने कहा कि मंजारा बांध में पानी का स्तर लगातार घट रहा है. इसके बावजूद चीनी मिलों और दूसरे उद्योगों को पानी दिया जा रहा है. उन्होंने मांग की कि जब तक पानी की स्थिति में सुधार नहीं होता, तब तक उद्योगों को होने वाली जलापूर्ति रोक दी जाए. उनके मुताबिक, सबसे पहले शहरों और गांवों में लोगों की पीने के पानी की जरूरत पूरी होनी चाहिए.
कावहेकर ने 24,000 करोड़ रुपये की मराठवाड़ा जल ग्रिड परियोजना को जल्द लागू करने की मांग की. इस परियोजना के तहत जायकवाड़ी और मंजारा समेत क्षेत्र के प्रमुख बांधों और जलाशयों को आपस में जोड़ने की योजना है. उनका कहना है कि इससे मराठवाड़ा में पानी की कमी की समस्या का लंबे समय के लिए समाधान निकालने में मदद मिल सकती है. उन्होंने उजनी जल आपूर्ति योजना का भी जिक्र किया. कावहेकर के मुताबिक, इस योजना के उद्घाटन के 22 साल बाद भी लातूर तक पानी नहीं पहुंचा है. शहर में पहले 135 करोड़ रुपये की आंतरिक जलापूर्ति योजना लागू की गई थी और दूसरी पाइपलाइन पर काम चल रहा है. इसके बावजूद नगर निगम ने राज्य सरकार को एक और नई जलापूर्ति योजना का प्रस्ताव भेजा है.
कावहेकर ने पानी की समस्या के साथ किसानों के नुकसान का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने मांग की कि सरकार की ओर से पहले घोषित 5,000 रुपये की सहायता के अलावा फसल नुकसान के लिए किसानों को 50,000 रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा दिया जाए. यह मुआवजा अधिकतम तीन हेक्टेयर जमीन तक दिया जाना चाहिए. उन्होंने वर्ष 2024-25 और 2025-26 के फसल बीमा के लंबित दावों का भी जल्द भुगतान करने की मांग की, ताकि प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत मिल सके.
भाजपा नेता ने राष्ट्रीयकृत बैंकों, शहरी सहकारी बैंकों और जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों से किसानों का कर्ज माफ करने की मांग की. उन्होंने कहा कि किसानों के साथ-साथ उनसे जुड़े कारोबार, जैसे पोल्ट्री फार्मिंग, पर लिए गए कर्ज को भी माफ किया जाना चाहिए. इन मांगों को लेकर शिवाजीराव पाटिल कावहेकर के नेतृत्व में जन नायक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त कलेक्टर शिल्पा करमरकर और रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर केशव नेटके को ज्ञापन सौंपा. इसमें लातूर और पूरे मराठवाड़ा क्षेत्र में पानी और खेती से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today