जूनागढ़ में फसल नुकसान दिखाते हुए किसानगुजरात में बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राज्य के अमरेली, जूनागढ़, जामनगर और गिर सोमनाथ जिलों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से खेतों में तैयार मूंगफली, कपास, सोयाबीन, प्याज और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है. कई जगह खेतों में सुखाने के लिए रखी गई मूंगफली बारिश में भीग गई, जिससे उसके दाने काले पड़ने और क्वालिटी खराब होने की आशंका है. वहीं, तेज हवाओं से पेड़ गिरने और मकानों की छतें उड़ने की घटनाएं भी सामने आई हैं. दीपावली से पहले फसल बेचकर त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे किसानों की उम्मीदों पर मौसम की मार पड़ी है. प्रभावित किसानों ने सरकार से फसल नुकसान का सर्वे कराने और आर्थिक सहायता देने की मांग की है.
अमरेली जिले के खांभा गिर, बगसरा, अमरेली, कुकावाव, बाबरा और वडिया क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हुई बेमौसम बारिश से मूंगफली की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. किसान फसल निकालकर बाजार ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक हुई बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया.
वडिया क्षेत्र में करीब डेढ़ इंच बारिश होने से खेतों में सुखाने के लिए रखी मूंगफली भीग गई. किसानों ने कहा कि बारिश में भीगने से मूंगफली के दाने काले पड़ने लगे हैं. इससे बाजार में उन्हें प्रति मन करीब 100 से 150 रुपये तक कम भाव मिलने की आशंका है. कुछ किसानों ने खराब फसल का भाव आधा तक गिरने की आशंका भी जताई है.
किसान किरीट जोटवा और अभिषेक गोंडलीया ने कहा कि पानी की कमी के कारण उन्हें पहले ही सिंचाई के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा था. अब फसल तैयार होने के समय बेमौसम बारिश ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं. प्रभावित किसानों ने सरकार से नुकसान का सर्वे कराकर विशेष राहत पैकेज देने की मांग की है.
जूनागढ़ जिले के भेसाण और विसावदर क्षेत्रों में भी बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है. दोनों क्षेत्रों में एक से डेढ़ इंच से अधिक बारिश होने की जानकारी सामने आई है. इससे खेतों में सुखाने के लिए रखी मूंगफली भीग गई है.
किसानों ने कहा कि मॉनसून के दौरान पर्याप्त बारिश नहीं होने से फसलों को पानी की कमी का सामना करना पड़ा था. अब कटाई के समय बारिश होने से मूंगफली और सोयाबीन की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है. पशुओं के लिए रखा गया चारा भी बारिश में भीग गया है.
किसानों का कहना है कि दूसरे जिलों में सूखे की स्थिति को देखते हुए राहत दी गई है, लेकिन भेसाण क्षेत्र के किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने सरकार से फसल नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है.
जामनगर जिले में भी मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. कालावड़ तालुका के निकावा, राजड़ा, भाडुकिया, पीपर, खरेड़ी, जसापर और मोटा वडाला सहित कई गांवों में बारिश हुई है.
बेमौसम बारिश के कारण खेतों में खड़ी प्याज, मूंगफली, कपास, सोयाबीन और तुवेर की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. वहीं, जामजोधपुर तालुका के मोटी गोप गांव में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. लालपुर तालुका के भणगोर गांव में भी अचानक बारिश होने की जानकारी सामने आई है.
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद किसान फसलों को संभावित नुकसान को लेकर चिंतित हैं. किसानों को डर है कि अगर बारिश जारी रही तो खेतों में तैयार हो रही फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों प्रभावित हो सकते हैं.
गिर सोमनाथ जिले में बेमौसम बारिश ने दीपावली से पहले किसानों की खुशियों को फीका कर दिया है. पिछले दो दिनों से तलाला, कोडिनार और गिर गढ़डा तहसील के कई गांवों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है. इससे मूंगफली, कपास और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है.
कोडिनार तहसील के घाटवड गांव में तेज हवाओं के कारण पेट्रोल पंप की छत क्षतिग्रस्त हो गई. गांव में कुछ किसानों के खेतों में बने मकानों की छतें भी उड़ गईं. इसके अलावा कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं.
तालाला तहसील के माधुपुर, हडमतिया, सुरवा, जसाधार और आंबलाश सहित कई गांवों में बारिश हुई. जसाधार गांव में एक किसान के खेत में चार विघा जमीन पर निकाली गई मूंगफली बारिश में भीग गई. जिस समय खेत में थ्रेशर से मूंगफली निकालने का काम चल रहा था, उसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई. तेज हवाओं ने भी किसानों की परेशानियां बढ़ा दीं.
दीपावली से पहले फसल बेचकर परिवार के लिए खरीदारी करने और त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे किसानों को अब आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है. प्रभावित किसानों ने सरकार से जल्द फसल नुकसान का सर्वे कराने और विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की है. (इनपुट- फारुकभाई सैय्यदकादरी/भार्गवी जोशी/दर्शन ठक्कर/दिलीपभाई पंजाभाई मोरी)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today