CM सुवेंदु अधिकारीपश्चिम बंगाल के आलू किसानों के लिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मुआवजे का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि पिछली फसल के दौरान नुकसान उठाने वाले दक्षिणी जिलों के आलू किसानों को राहत दी जाएगी. मुआवजा पैकेज की घोषणा 5 नवंबर को हुगली जिले के पुरसुरा से की जाएगी. सुवेंदु अधिकारी ने यह घोषणा शनिवार को आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम में की. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जिन आलू किसानों को नुकसान उठाना पड़ा था, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने यह भी बताया कि राज्य सरकार की किसान कल्याण योजना के तहत पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के सभी लाभार्थियों को 5 नवंबर को 3,000 रुपये दिए जाएंगे. हालांकि, यह राशि किस्त के रूप में दी जाएगी या अतिरिक्त सहायता के तौर पर, इसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी.
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने भरोसा दिया कि जब तक बीजेपी की सरकार है, तब तक पश्चिम बंगाल की सीमाओं पर आलू से भरे ट्रकों को दूसरे राज्यों में जाने से नहीं रोका जाएगा. दरअसल, पिछली टीएमसी सरकार ने साल 2025 में पश्चिम बंगाल से दूसरे राज्यों में आलू के परिवहन और बिक्री पर रोक लगा दी थी. इससे बंपर पैदावार के बावजूद किसानों को नुकसान उठाना पड़ा था. किसानों का कहना था कि बाद में पाबंदियां हटा दी गईं, लेकिन तब तक उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हो चुका था.
बता दें कि पश्चिम बंगाल में आलू की खेती मुख्य रूप से हुगली और उसके पड़ोसी जिले पूर्व बर्धमान में होती है. ऐसे में पिछले सीजन में आलू की बिक्री पर लगी पाबंदियों का असर इन इलाकों के किसानों पर पड़ा था. अब राज्य सरकार की ओर से मुआवजा पैकेज की घोषणा से प्रभावित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today