'चक्रवात अर्नब' से धान की फसल बर्बाद! झारखंड सरकार कराएगी नुकसान का सर्वे

'चक्रवात अर्नब' से धान की फसल बर्बाद! झारखंड सरकार कराएगी नुकसान का सर्वे

चक्रवात अर्नब और बारिश के कारण झारखंड में धान की फसल को नुकसान पहुंचा है. किसानों की परेशानी को देखते हुए राज्य सरकार ने फसल नुकसान का सर्वे कराने का फैसला लिया है.

Advertisement
'चक्रवात अर्नब' से धान की फसल बर्बाद! झारखंड सरकार कराएगी नुकसान का सर्वेधान की फसल बर्बाद (AI- Image)

झारखंड में चक्रवात अर्नब के असर से हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. राज्य के कई इलाकों में बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है. अब झारखंड सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है. राज्य के मंत्री इरफान अंसारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर फसल नुकसान का सर्वे कराने और किसानों को नियमों के अनुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं.

हर गांव में भेजी जाएंगी सर्वे टीमें

मंत्री इरफान अंसारी ने उपायुक्तों से कहा है कि प्रभावित जिलों के हर गांव में प्रशासनिक टीमें भेजी जाएं. ये टीमें खेतों में जाकर फसल की स्थिति देखेंगी और बारिश से हुए नुकसान का आकलन करेंगी. इसके बाद प्रभावित किसानों की सूची तैयार की जाएगी. सरकार के निर्देश के मुताबिक, नुकसान की जांच के बाद पात्र किसानों को तय नियमों के अनुसार मुआवजा और राहत दी जाएगी. मंत्री ने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत करके फसल तैयार करते हैं. ऐसे में प्राकृतिक आपदा से फसल बर्बाद होने पर उनकी आजीविका और आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ता है. सरकार किसानों की परेशानी को समझती है और उनकी मदद के लिए कदम उठाएगी.

बारिश से धान की फसल प्रभावित

चक्रवात अर्नब के प्रभाव से मंगलवार शाम से झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. कुछ जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई है. ऐसे में किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग ने गुरुवार को भी राज्य में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया था. वहीं, कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

इन 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है. ऐसे में इन इलाकों के किसानों को अपनी फसल और खेतों की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

साथ ही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग को भी जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने सभी सिविल सर्जनों से जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन व्यवस्था मजबूत रखने को कहा है. अस्पतालों को आकाशीय बिजली गिरने, सांप काटने और बारिश से होने वाली बीमारियों के मामलों से निपटने के लिए भी तैयार रहने को कहा गया है. (PTI)

POST A COMMENT