राज्य में हजारों हेक्टेयर फसल जलमग्नचक्रवात अर्नब के कारण आंध्र प्रदेश में कृषि फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है. राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर हालात की जानकारी दी और राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी है. शुरुआती आकलन के मुताबिक, राज्य में 70 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि में फसलें जलमग्न हो गई हैं. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अमित शाह को बताया कि चक्रवात के चलते राज्य के विभिन्न हिस्सों में खेतों में पानी भर गया है. इसके अलावा, करीब 10,500 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली बागवानी फसलें भी प्रभावित हुई हैं. चक्रवात से मकानों, सड़कों और बिजली के खंभों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी दी गई है.
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री को विशाखापत्तनम, कोनसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, एलुरु और कृष्णा समेत चक्रवात प्रभावित जिलों के हालात की जानकारी दी. राज्य सरकार इन क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने के साथ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के प्रयास कर रही है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने चक्रवात के दौरान संभावित नुकसान को कम करने के लिए व्यापक एहतियाती इंतजाम किए थे. बाढ़ के खतरे वाले और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया है.
चंद्रबाबू नायडू ने अमित शाह को बताया कि चक्रवात से हुए नुकसान की शुरुआती रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जा रही हैं. उन्होंने नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीमों को आंध्र प्रदेश भेजने का अनुरोध किया है. साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने के लिए केंद्र से जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है.
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के महानिरीक्षक नरेंद्र सिंह बुंदेला ने बुधवार को बताया कि राज्य में तीन लोगों की मौत हुई है और 31 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. तेज हवाओं से कई पेड़ भी उखड़ गए हैं. नरेंद्र सिंह बुंदेला के मुताबिक, आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका वाले क्षेत्रों में NDRF की 39 टीमें तैनात की गई हैं. आंध्र प्रदेश में चार अतिरिक्त टीमें भी भेजी गई हैं. राज्य में करीब 57 हजार लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है, जबकि पुडुचेरी के यानम से 38 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है.
NDRF अधिकारी ने बताय कि चक्रवात अर्नब ने यानम के पास तट पर दस्तक दी और अब अति गंभीर चक्रवाती तूफान से कमजोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है. इसके बुधवार शाम तक चक्रवाती तूफान और फिर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है. आंध्र प्रदेश के उत्तरी हिस्सों और दक्षिणी ओडिशा में तेज हवाओं और बारिश का असर देखा जा रहा है. (इनपुट- अपूर्वा जयचंद्रन)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today