
मध्य प्रदेश में रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन (खरीदी) की तारीखों का ऐलान हो चुका है. खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंगलवार को बताया कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम डिविजन में 1 अप्रैल से खरीदी शुरू होगी, जबकि प्रदेश के अन्य डिविजन में 7 अप्रैल से खरीदी की जाएगी. किसान सरकारी कामकाज के दिनों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक अपनी फसल केंद्रों पर बेच सकेंगे. सरकार ने इस बार किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए समर्थन मूल्य पर 40 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही प्रदेश में गेहूं की खरीदी दर बढ़ाकर 2625 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है, जिससे किसानों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है.
खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन यानी रजिस्ट्रेशन 7 फरवरी से 7 मार्च तक किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया गया. इस अवधि में कुल 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया, जो पिछले वर्ष के 15 लाख 44 हजार किसानों की तुलना में काफी अधिक है. मालूम हो कि निजी बाजार में गिरते दामों के बीच बड़ी संख्या में किसान सरकारी एमएसपी की ओर झुकाव दिखा रहे हैं. यही वजह है कि खरीदी प्रक्रिया में किसानों की भागीदारी बढ़ी है.
जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो उज्जैन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा और देवास जैसे जिलों में बड़ी संख्या में किसानों ने पंजीयन कराया है. वहीं इंदौर, धार, खरगोन, शाजापुर, सागर, रायसेन और जबलपुर सहित कई अन्य जिलों में भी हजारों किसान खरीदी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आगे आए हैं.
राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि तय समय पर खरीदी शुरू होने और बोनस दिए जाने से किसानों को राहत मिलेगी और गेहूं उपार्जन (खरीदी) प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सकेगी. साथ ही प्रशासन को भी निर्देश दिए गए हैं कि खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो.
इंदौर - 71,713
झाबुआ - 7,120
धार - 44,466
अलीराजपुर - 476
खण्डवा - 35,104
बुरहानपुर - 523
बड़वानी - 4,724
खरगोन - 27,557
शाजापुर - 73,878
नीमच - 19,445
उज्जैन - 1,23,281
आगर-मालवा - 42,446
मंदसौर - 65,195
देवास - 76,442
रतलाम - 45,912
अशोक नगर - 16,454
दतिया - 19,118
शिवपुरी - 21,312
ग्वालियर - 13,763
गुना - 22,914
भिण्ड - 12,788
मुरैना - 10,893
श्योपुर - 17,617
डिण्डौरी - 4,478
मण्डला - 19,611
जबलपुर - 49,642
कटनी - 52,126
सिवनी - 53,288
नरसिंहपुर - 38,416
छिंदवाड़ा - 29,163
बालाघाट - 4,383
पांढुर्णा - 863
नर्मदापुरम - 71,831
बैतूल - 18,686
हरदा - 40,273
भोपाल - 37,129
रायसेन - 76,264
विदिशा - 86,479
सीहोर - 1,01,793
राजगढ़ - 98,537
सीधी - 12,813
सिंगरौली - 10,970
मऊगंज - 8,018
सतना - 56,376
मैहर - 19,787
रीवा - 46,923
अनुपपुर - 882
शहडोल - 9,479
उमरिया - 13,445
टीकमगढ़ - 15,552
निवाड़ी - 4,116
सागर - 75,791
पन्ना - 30,052
दमोह - 39,938
छतरपुर - 34,378