प्रयागराज में इस बार आम की बंपर पैदावार, दशहरी-लंगड़ा की खुशबू से महके बाग

प्रयागराज में इस बार आम की बंपर पैदावार, दशहरी-लंगड़ा की खुशबू से महके बाग

इस बार प्रयागराज के लोगों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि जिले और आसपास के इलाकों में आम की पैदावार काफी अच्छी हुई है. प्रयागराज में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, सफेदा और आम्रपाली जैसे मशहूर आमों की खुशबू इन दिनों बागों में महक रही है.

आम की बंपर पैदावारआम की बंपर पैदावार
क‍िसान तक
  • Prayagraj,
  • May 11, 2026,
  • Updated May 11, 2026, 6:07 PM IST

फलों का राजा कहे जाने वाले आम का मौसम आते ही लोगों की जुबान पर मिठास घुलने लगती है. खासकर आम प्रेमियों को पूरे साल इस मौसम का बेसब्री से इंतजार रहता है. ऐसे इस बार प्रयागराज के लोगों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि जिले और आसपास के इलाकों में आम की पैदावार काफी अच्छी हुई है. प्रयागराज में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, सफेदा और आम्रपाली जैसे मशहूर आमों की खुशबू इन दिनों बागों में महक रही है.

नई किस्मों की ओर तेजी से बढ़ रहे किसान

वहीं, बदलते समय के साथ अब यहां के किसान नई किस्मों की खेती की ओर भी तेजी से बढ़ रहे हैं. रतौल, बॉम्बे ग्रीन, अंबिका, अरूणिका और मल्लिका जैसी नई वैरायटी के आम भी अब प्रयागराज के बागों की पहचान बनने लगे हैं. अच्छी पैदावार से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं, तो आम प्रेमियों को भी इस बार स्वाद और वैरायटी दोनों का भरपूर आनंद मिलने की उम्मीद है.

आंधी तूफान से आम की फसल नहीं हुआ नुकसान

खुसरो बाग स्थित औद्योगिक प्रयोग और प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी विजय किशोर सिंह के मुताबिक इस बार आंधी तूफान से आम की फसल को कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है. इसके साथ ही आम की फसल में बौर भी अच्छे आए थे, जिससे इस बार आम की काफी अच्छी फसल होने की उम्मीद है. विजय किशोर सिंह के मुताबिक प्रयागराज के साथ ही प्रतापगढ़ के कुंडा का लंगड़ा और दशहरी आम और कौशांबी के सिराथू का फजली वैरायटी का आम भी काफी अच्छा होता है, जो यहां से बाहर भी भेजा जाता है.

डेढ़ लाख टन आम का वार्षिक उत्पादन

अगर बात करें प्रयागराज मंडल कि तो मंडल के तीन जिलों प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी में लगभग 2400 से 2500 हेक्टेयर भूमि पर आम की खेती की जाती है, जिसमें कुल मिलाकर डेढ़ लाख टन आम का वार्षिक उत्पादन होता है. वहीं, प्रयागराज की बात करें तो प्रयागराज में अकेले 600 से 650 हेक्टेयर में आम की बागवानी होती है और प्रयागराज जिले में लगभग 10 हजार टन से अधिक आम का उत्पादन किया जाता है.

प्रयागराज से विदेश भेजे जाते हैं 50 हजार टन आम

इस क्षेत्र से लगभग प्रतिवर्ष 50 हजार टन आम संयुक्त अरब अमीरात और ओमान जैसे देशों को निर्यात किया जाता है. वहीं, प्रयागराज मंडल में आम की फसल को बढ़ावा देने के लिए खुसरो बाग स्थित औद्योगिक प्रयोग और प्रशिक्षण केंद्र में लगातार आम की नई-नई वैरायटी की पौध तैयार की जाती है.‌ यह पौधे नर्सरी से किसानों तक पहुंचाए जाते हैं. इसके बाद तीन से पांच साल के अंदर किसानों को अच्छी फसल मिलने लगती है. (पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

MORE NEWS

Read more!