आंधी‑बारिश का अलर्ट: यूपी को मिल सकती है लू से राहत, गुजरात में गर्मी का कहर जारी

आंधी‑बारिश का अलर्ट: यूपी को मिल सकती है लू से राहत, गुजरात में गर्मी का कहर जारी

देश के कई हिस्सों में आंधी‑बारिश का अलर्ट, यूपी में लू से राहत के संकेत. गुजरात में गर्मी का रिकॉर्ड, अहमदाबाद 44.8 डिग्री.

Advertisement
आंधी‑बारिश का अलर्ट: यूपी को मिल सकती है लू से राहत, गुजरात में गर्मी का कहर जारीआईएमडी का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों के दौरान आंधी‑तूफान, बिजली कड़कने, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है. वहीं, उत्तर‑पश्चिमी और मध्य भारत के कुछ इलाकों में 27 अप्रैल को लू की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन इसके बाद इसमें धीरे‑धीरे कमी आने के संकेत हैं.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू‑कश्मीर में 27 से 29 अप्रैल के बीच, हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 अप्रैल और 3 मई को और उत्तराखंड में 28 अप्रैल से 3 मई के दौरान बारिश या बर्फबारी की संभावना है.

कई इलाकों में 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा, जम्मू‑कश्मीर (28 अप्रैल) और हिमाचल और उत्तराखंड (28‑29 अप्रैल) में कहीं‑कहीं ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है.

मैदानी इलाकों में आंधी और बारिश

आईएमडी के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 से 30 अप्रैल और 2‑3 मई को, पूर्वी यूपी में 28 अप्रैल से 2 मई तक, पश्चिमी यूपी में 28 अप्रैल से 1 मई तक, पश्चिमी राजस्थान में 27 से 29 अप्रैल और पूर्वी राजस्थान में 27 अप्रैल से 3 मई तक आंधी‑तूफान, बिजली कड़कने और 30‑40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 और 29 अप्रैल को तेज आंधी चल सकती है, जहां हवा की रफ्तार 50‑60 किमी/घंटा (झोंकों में 70 किमी/घंटा) तक पहुंच सकती है. 

यूपी में झुलसाने वाली गर्मी, लेकिन राहत की उम्मीद

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. बांदा लगातार दूसरे दिन 46.6 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर बना. प्रयागराज में तापमान 45.7 डिग्री तक पहुंच गया है और लखनऊ में पारा 41 डिग्री के पार चला गया है.

मौसम विभाग ने राज्य के 40 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में हीट अलर्ट, जबकि लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, फिरोजाबाद और मैनपुरी समेत कई जिलों में लू की चेतावनी दी गई है.

हालांकि, आज देर रात या कल हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. प्रदेश में स्थिति ऐसी बन सकती है कि दिन में लू और रात में हल्की बारिश देखने को मिले.

गुजरात में राहत नहीं, गर्मी का प्रचंड प्रकोप

गुजरात में अप्रैल में ही गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. रविवार को राज्य के 11 प्रमुख शहरों में तापमान 41 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले 24 वर्षों में अप्रैल का सबसे अधिक तापमान है. इससे पहले 2002 में यह 44 डिग्री दर्ज हुआ था.

मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और बताया है कि अगले तीन दिनों तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी. गुजरात में 2 मई तक मौसम शुष्क रहने और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. तटीय इलाकों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है.(आशीष श्रीवास्तव और अतुल तिवारी के इनपुट के साथ)

POST A COMMENT