पद्मश्री राहीबाई (फाइल फोटो)महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले की रहने वाली पद्मश्री सम्मानित राहीबाई सोमा पोपेरे की कहानी उन किसानों के लिए प्रेरणा है, जो पारंपरिक खेती और देसी बीजों के संरक्षण के जरिए कृषि को नई दिशा दे रहे हैं. कभी गरीबी के कारण स्कूल नहीं जा सकीं राहीबाई आज ‘बीज माता’ (सीड मदर) के नाम से मशहूर हैं. उन्होंने देसी बीजों की सैकड़ों किस्मों को सहेजने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और हजारों किसानों को प्रशिक्षित करने का काम किया है. अब वह 11 और 12 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' में अपनी सफलता की कहानी साझा करेंगी.
किसान तक (इंडिया टुडे ग्रुप) की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की थीम 'स्मार्ट किसान, विकसित भारत' रखी गई है. कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे, जबकि 12 नवंबर को समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. इस सम्मेलन में देशभर से करीब 2,000 किसान हिस्सा लेंगे. इनके अलावा नीति निर्माता, कृषि वैज्ञानिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय कृषि विशेषज्ञ भी शामिल होंगे.
सम्मेलन में पद्मश्री राहीबाई सोमा पोपेरे सहित देश के अलग-अलग हिस्सों से आए करीब 20 किसान अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे. इस मंच का उद्देश्य किसानों के अनुभवों को आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि विज्ञान, सरकारी नीतियों और उद्योग जगत से जोड़ना है. सम्मेलन में खेती की लागत कम करने, किसानों की आमदनी बढ़ाने, जलवायु अनुकूल खेती और कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी.
राहीबाई सोमा पोपेरे महाराष्ट्र के महादेव कोली आदिवासी समुदाय से आती हैं. उनका बचपन आर्थिक तंगी में बीता. परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वह स्कूल नहीं जा सकीं. महज 10 साल की उम्र से ही उन्होंने परिवार के साथ खेतों में काम करना और मवेशियों की देखभाल करना शुरू कर दिया था. खेती और प्रकृति के बीच पली-बढ़ीं राहीबाई ने जमीन, फसलों और पारंपरिक बीजों के महत्व को करीब से समझा.
शादी के बाद अपने पति सोमा पोपेरे के सहयोग से उन्होंने देसी बीजों के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया. उन्होंने महसूस किया कि पारंपरिक फसल किस्मों और स्थानीय खाद्य संसाधनों को बचाना खाद्य सुरक्षा और पोषण सुरक्षा के लिए जरूरी है. इसी सोच के साथ उन्होंने अपने क्षेत्र में देसी बीजों को संरक्षित करने का अभियान शुरू किया.
राहीबाई ने स्थानीय स्तर पर मिलने वाली देसी बीज किस्मों को इकट्ठा करने और संरक्षित करने का काम शुरू किया. धीरे-धीरे उनका यह प्रयास एक बड़े बीज संरक्षण अभियान में बदल गया. उन्होंने अपने घर को ही सामुदायिक बीज बैंक के रूप में विकसित किया, जहां किसान देसी बीजों को सुरक्षित रख सकते हैं और उनके बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं.
उनके प्रयासों से अब 32 फसलों की 122 से अधिक पारंपरिक बीज किस्मों का संरक्षण किया जा रहा है. उन्होंने बीजों के संरक्षण के लिए नर्सरी और संरक्षण केंद्र भी स्थापित किए. इन केंद्रों के माध्यम से वह दूसरे किसानों को बीज उपलब्ध कराने के साथ पारंपरिक फसलों की खेती और उनके संरक्षण की जानकारी भी देती हैं.
राहीबाई का काम केवल देसी बीजों को सहेजने तक सीमित नहीं रहा. उन्होंने खेती की उत्पादकता और क्वालिटी बढ़ाने के लिए नई कृषि तकनीकों को भी सीखा और अपनाया. उन्होंने धान की खेती में एसआरआई (सिस्टम ऑफ राइस इंटेंसिफिकेशन) पद्धति का इस्तेमाल किया. इसके अलावा टमाटर और सेम की खेती के बेहतर तरीके विकसित करने और किसानों तक पहुंचाने का काम किया.
उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट, वर्मीवॉश और प्राकृतिक कीट नियंत्रण के उपायों जैसी जैविक खेती की तकनीकों को भी अपनाया. इसके साथ ही नर्सरी तैयार करने और किसानों की भागीदारी से बेहतर बीजों का चयन करने की पद्धति को बढ़ावा दिया. पारंपरिक कृषि ज्ञान के साथ इन तकनीकों को जोड़कर उन्होंने खेती को अधिक टिकाऊ बनाने की दिशा में काम किया.
राहीबाई ने अपने अनुभव और कृषि ज्ञान को दूसरे किसानों तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया. उन्होंने महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में करीब 3,500 किसानों को प्रशिक्षण दिया है. उनके संरक्षण केंद्र और किचन गार्डन को देखने के लिए कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक और दूसरे क्षेत्रों के किसान भी पहुंचते हैं.
अपने काम को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने बीएआईएफ डेवलपमेंट रिसर्च फाउंडेशन (BAIF Development Research Foundation) के साथ भी साझेदारी की. इस सहयोग के तहत ग्रामीण समुदायों की आजीविका को बेहतर बनाने, टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने और पशुपालन प्रबंधन में तकनीक एवं शोध के इस्तेमाल पर काम किया गया.
देसी बीजों के संरक्षण, जैव विविधता को बचाने और किसानों को पारंपरिक खेती से जोड़ने के उनके प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली. राहीबाई सोमा पोपेरे को वर्ष 2021 में पद्म पुरस्कार 2020 के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था. उन्हें 'सीड मदर' के नाम से भी जाना जाता है. उनका काम दिखाता है कि स्थानीय बीजों का संरक्षण, पारंपरिक कृषि ज्ञान और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों को साथ लेकर कृषि को टिकाऊ बनाया जा सकता है. भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में उनकी मौजूदगी किसानों के लिए अपने अनुभव साझा करने और देसी बीजों के संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर होगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today