आज का मौसम (AI Image)नवंबर की शुरुआत के साथ ही देश के दक्षिणी हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 नवंबर को तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश की चेतावनी दी है. वहीं, कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. दूसरी ओर, उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में मौसम शुष्क रहेगा. दिल्ली-NCR में आसमान साफ रहने के साथ सुबह हल्की धुंध छा सकती है. आइए जानते हैं 6 नवंबर को देश के अलग-अलग राज्यों में कैसा रहेगा मौसम…
आईएमडी के अनुसार, 6 नवंबर को दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. रायलसीमा में भी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 6 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है. इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने तमिलनाडु में 6 नवंबर को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार, केरल और माहे में 6 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. मौसम विभाग ने यहां 8 नवंबर तक अलग-अलग जगहाें पर भारी बारिश की चेतावनी दी है. तटीय कर्नाटक में भी 6 नवंबर को बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक का अनुमान है. वहीं, लक्षद्वीप में भी 6 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में इस दिन किसी विशेष बारिश की चेतावनी का उल्लेख नहीं है.
तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में बने निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण निचले वायुमंडलीय स्तरों पर मौजूद है. इसके असर से तेलंगाना में 6 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. राज्य में 7 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.
पूर्वी भारत में ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 6 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. ओडिशा में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं. अंडमान-निकोबार में 8 नवंबर से बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत में 6 नवंबर को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में इस दिन बारिश की कोई विशेष संभावना नहीं जताई गई है. वहीं, असम और मेघालय में बारिश का दौर 8 नवंबर से शुरू होने का अनुमान है. इन राज्यों में 9 से 11 नवंबर के बीच भारी बारिश की संभावना है.
उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में 6 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ में बारिश की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी इस दिन बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है. हालांकि, 10 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कुछ स्थानों पर बारिश और भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 नवंबर को बारिश की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में 8 और 9 नवंबर को मौसम बदल सकता है.
दिल्ली-NCR में 6 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
वहीं, मध्य और पश्चिम भारत के राज्यों में 6 नवंबर को किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. इन राज्यों के लिए IMD ने इस सप्ताह कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि का पूर्वानुमान नहीं दिया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today