भारी बारिश का अलर्टदीवाली के दिन देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 8 नवंबर को दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. वहीं, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है. दूसरी तरफ, दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.
दक्षिण भारत की बात करें तो 8 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में 8 से 10 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, केरल और माहे में 8 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. तेलंगाना में भी 8 नवंबर तक हल्की बारिश की संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 8 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, असम और मेघालय में 9 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और बिहार में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 8 से 13 नवंबर तक व्यापक बारिश का अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 8 नवंबर को उत्तराखंड में कुछ जगहों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. वहीं, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 8 नवंबर को बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. हालांकि, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से 10 से 13 नवंबर के बीच हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं. 12 नवंबर को कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है.
दिल्ली-NCR में 8 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह के समय कई जगहों पर हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिन के समय उत्तर-पूर्व दिशा से हवाएं चलेंगी. सुबह हवा की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे और दोपहर में 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में सुबह के समय वाहन चलाने वाले लोगों को कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है.
बारिश की संभावना वाले राज्यों में किसान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें. कटी हुई फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें. केले, पपीते और सब्जियों की फसलों को तेज हवाओं से बचाने के लिए सहारा दें. आंधी और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today