आज का मौसम (AI Image)देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होने की आशंका है तो वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं. उत्तर भारत में 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. जानिए देशभर के मौसम का ताजा हाल…
IMD के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 और 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
केरल और माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 9 से 14 नवंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यनम के साथ रायलसीमा में 9 और 10 नवंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इन क्षेत्रों में तेज सतही हवाओं का अलर्ट भी जारी किया गया है. वहीं, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक छिटपुट बारिश हो सकती है.
वहीं, पूर्वी भारत के समुद्री क्षेत्र में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं. मौसम विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 9 से 14 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. यहां 9 से 13 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 9 से 12 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के साथ सिक्किम के कुछ इलाकों में मौसम बदलने के आसार हैं.
आईएमडी का कहना है कि पूर्वी भारत के अन्य राज्यों में 10 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. झारखंड में 10 और 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. ओडिशा में 10 से 12 नवंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है. बिहार में 11 नवंबर को कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है. इन राज्यों में फिलहाल भारी बारिश का कोई व्यापक अलर्ट नहीं है.
उधर, पूर्वोत्तर भारत में भी 9 नवंबर से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 9 से 12 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 13 नवंबर तक छिटपुट बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने 11 नवंबर को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है.
विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में 10 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. एक नया पश्चिमी विक्षोभ 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 और 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है. साथ ही यहां 10 से 14 नवंबर के दौरान गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा, उत्तराखंड में 9 और 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. सुबह के समय ज्यादातर स्थानों पर मध्यम कोहरा रहने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिन में पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा से हल्की हवाएं चलने की संभावना है.
10 नवंबर को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह मध्यम कोहरा रह सकता है. इस दिन अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, मध्य और पश्चिम भारत के राज्यों में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में मौसम सामान्य बना रह सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today