डीप डिप्रेशन से बदला मौसम! कई राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट, पढ़ें देशभर का वेदर अपडेट

डीप डिप्रेशन से बदला मौसम! कई राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट, पढ़ें देशभर का वेदर अपडेट

देशभर में मानसून फिर से रफ्तार पकड़ चुका है. मौसम विभाग ने ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने डीप डिप्रेशन के असर के चलते 29 जुलाई को छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ समेत कई राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पढ़ें देशभर में आज मौसम कैसा रहेगा...

Advertisement
डीप डिप्रेशन से बदला मौसम! कई राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट, पढ़ें देशभर का वेदर अपडेटआज का मौसम (AI Image)

देश के बड़े हिस्‍से में इस समय मॉनसून की सक्रियता देखने काे मिल रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज कई राज्यों में भारी से बहुत ज्‍यादा भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, ओडिशा और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल पर बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) के पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने के कारण मध्य और पूर्वी भारत में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तर भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. 

अगले 4-5 दिन सक्रि‍य रहेगा मॉनसूनी सिस्‍टम

आईएमडी के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में सामान्य से अधिक मॉनसूनी बारिश होने की संभावना है. मॉनसून ट्रफ सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है और इसके साथ सक्रिय मौसमी सिस्टम लगातार नमी पहुंचा रहे हैं. इसी वजह से कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी.

मध्‍य भारत में दिखेगा बारिश का सबसे ज्‍यादा असर 

आईएमडी के मुताबि‍क, 29 जुलाई को मध्य भारत में सबसे ज्‍यादा असर छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. पश्चिम मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. 

उत्‍तर भारत के इन राज्‍यों में बरसेंगे बादल

उत्तर भारत की बात करें तो दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक जलभराव का खतरा बना रह सकता है. 

इधर, पूर्वी भारत में ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी तेज बारिश की संभावना है. ओडिशा में कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश हो सकती है, जबकि बिहार में भी महीने के आखिरी दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.

पूर्वोत्‍तर, पश्चिम और दक्षि‍ण में ऐसा रहेगा मौसम

पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. इसके अलावा पश्चिम भारत में कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी मानसून सक्रिय रहेगा. वहीं, दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 

दिल्ली-NCR में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 29 जुलाई को पूरे दिन बादल छाए रहने का अनुमान है. सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, शाम और रात के समय भी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, हवा की गति लगभग 15 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जिससे उमस में कुछ राहत मिलेगी. 

IMD की किसानों के लिए सलाह

आईएमडी ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, वहां खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की उचित व्यवस्था रखें ताकि फसलों में जलभराव न हो. सोयाबीन, धान, मक्का, कपास, अरहर, मूंग, उड़द, तिल और सब्जियों की फसलों में जल निकासी पर विशेष ध्यान दें. 

बारिश के दौरान बुवाई, सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशक के छिड़काव जैसे कार्य फिलहाल टाल दें. कटाई के लिए तैयार फलों और सब्जियों की समय रहते तुड़ाई करें और कटी हुई उपज को सुरक्षित जगह या तिरपाल से ढककर रखें. पशुओं को बारिश के दौरान खुले में न छोड़ें और चारे को भीगने से बचाएं. 

POST A COMMENT