सीएम डॉ. मोहन यादव ने पशुपालकों का किया सम्मान (फोटो/X@CMMadhya Pradesh)मध्य प्रदेश में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को आर्थिक पुरस्कार दिए हैं. भोपाल के रवींद्र भवन में सोमवार को आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा एवं पशुपालक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के लाभार्थियों के खातों में कुल 2.95 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की. इसके साथ ही राज्य की रजिस्टर्ड गौशालाओं में रखे गए गोवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि भी जारी की.
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत पशुपालकों का चयन दूध उत्पादन प्रतियोगिता के आधार पर किया गया. यह प्रतियोगिता 27 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच प्रदेश के 208 चिन्हित वृंदावन गांवों में आयोजित की गई थी. इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल 466 पशुपालकों को पुरस्कृत किया गया.
योजना के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को 1 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वालों को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान के विजेताओं को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई. मुख्यमंत्री ने सभी चयनित पशुपालकों के बैंक खातों में सीधे 2.95 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए.
पशुपालकों को सम्मानित करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश की गौशालाओं के लिए भी बड़ी अनुदान राशि जारी की. इसके तहत 3,000 से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में रखे गए 5.51 लाख से ज्यादा गोवंश के रखरखाव के लिए 65.66 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गौशालाओं में गोवंश के बेहतर रखरखाव और पौष्टिक चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रति गाय मिलने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है. इससे गौशालाओं को पशुओं की देखभाल में आर्थिक मदद मिलेगी.
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार व्हाइट रिवोल्यूशन 2.0 के माध्यम से दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत कर रही है. सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में मध्य प्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है. इसके लिए प्रदेश में दूध संग्रहण की क्षमता को मौजूदा 12 लाख किलो प्रतिदिन से बढ़ाकर 52 लाख किलो प्रतिदिन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए गोवंश संरक्षण के साथ पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि भी प्राथमिकता है. उन्होंने पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गिर और साहीवाल नस्ल की गायों में अधिक दूध उत्पादन की क्षमता होती है. बेहतर नस्लों को अपनाने से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा को प्रकृति के प्रति आस्था, परंपरा और कृतज्ञता का पर्व बताया. उन्होंने कहा कि प्रकृति ने मनुष्य को बहुत कुछ दिया है, इसलिए उसकी पूजा और संरक्षण करना सभी का दायित्व है.
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन को बाढ़ से बचाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मानवता की रक्षा और सामूहिक सहयोग का बेहतरीन उदाहरण है.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लंबे समय से गोवंश संरक्षण और पशु कल्याण के क्षेत्र में काम कर रहे गोसेवकों और गौशाला संचालकों को भी सम्मानित किया. इससे पहले उन्होंने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में गोवर्धन पूजा की और गौशाला में गायों का पूजन, आरती कर प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today