प्याज की कीमतों में भारी गिरावटमहाराष्ट्र में प्याज की गिरती कीमतों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. इस बीच NCP (SP) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने राज्य सरकार से किसानों को बड़ी राहत देने की मांग की है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे एक पत्र में जयंत पाटिल ने कहा कि नासिक, पुणे, सोलापुर और छत्रपति संभाजीनगर जैसे इलाकों के लाखों प्याज किसान इस समय भारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. वजह है प्याज की कीमतों में लगातार गिरावट और बाजार में बनी अनिश्चितता.
जयंत पाटिल ने सरकार से मांग की है कि किसानों को कम से कम 2,000 रुपये प्रति क्विंटल की गारंटीशुदा कीमत दी जाए, ताकि उन्हें अपनी फसल का सही दाम मिल सके. इसके अलावा, नुकसान की भरपाई के लिए 1,500 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी देने की भी अपील की गई है. उनका कहना है कि अगर जल्द मदद नहीं मिली, तो किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं
जयंत पाटिल का कहना है कि इस समय प्याज की बाजार कीमतें इतनी कम हो गई हैं कि किसानों को अपनी लागत निकालना भी मुश्किल पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि बीज, खाद, कीटनाशक और मजदूरी जैसी चीजों पर किसानों का खर्च लगातार बढ़ा है, लेकिन उसके मुकाबले प्याज के दाम काफी नीचे चले गए हैं. इसी वजह से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है.
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि वह नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (NAFED) और दूसरी सरकारी एजेंसियों को निर्देश दे कि वे बड़े स्तर पर प्याज की खरीद शुरू करें. उनका मानना है कि अगर सरकार तुरंत खरीद करेगी, तो किसानों को राहत मिलेगी और उन्हें अपनी फसल का बेहतर दाम मिल सकेगा.
उन्होंने यह भी मांग की कि 500 से 700 रुपये प्रति क्विंटल की समूह सब्सिडी और रासायनिक खादों पर सब्सिडी सीधे किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाए. 11 मई के अपने पत्र में, पूर्व राज्य मंत्री ने दावा किया कि प्याज निर्यात नीति में बार-बार बदलावों ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय प्याज की साख को नुकसान पहुंचाया है, और केंद्र के साथ तालमेल बिठाकर एक दीर्घकालिक और स्थिर निर्यात नीति बनाने की मांग की.
जयंत पाटिल ने आगे ग्रामीण इलाकों में आधुनिक प्याज भंडारण सुविधाओं और पारंपरिक प्याज 'चालिस' (हवादार शेड) स्थापित करने के लिए सब्सिडी की मांग की, और कहा कि किसानों को अच्छी क्वालिटी वाले प्याज के बीज रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएं. बता दें कि आज ही केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार ने आज से NAFED के माध्यम से किसानों से 12.35 रुपये प्रति किलो की दर पर प्याज खरीदी शुरू की है. उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ने और निर्यात से जुड़ी परिस्थितियों के कारण बाजार भाव पर असर पड़ा है. लेकिन किसानों को संकट में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today