India-US Trade Deal: राहुल गांधी के आराेपों पर केंद्र का पलटवार, शिवराज बोले- डील में किसान हित सबसे ऊपर

India-US Trade Deal: राहुल गांधी के आराेपों पर केंद्र का पलटवार, शिवराज बोले- डील में किसान हित सबसे ऊपर

India-US Trade Deal पर विपक्ष और सरकार आमने-सामने हैं. राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए केंद्र ने कहा कि डील पूरी तरह किसान हित में है. शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि कृषि और किसानों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता रही है.

Advertisement
India-US Trade Deal: राहुल गांधी के आराेपों पर केंद्र का पलटवार, शिवराज बोले- डील में किसान हित सबसे ऊपरकेंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (फाइल फोटो)

भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है. मुद्दे पर केंद्र सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आरोपों पर अब दो केंद्रीय मं‍त्रियों ने तीखा पलटवार किया है. इस समझौते में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है और सभी प्रमुख कृषि क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए राहुल गांधी के बयानों को भ्रामक करार दिया. 

राहुल पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया

दोनों मंत्रियों ने आरोप लगाया कि विपक्ष किसानों को डराने और गलत जानकारी फैलाने की कोशिश कर रहा है. उन्‍होंने कहा कि यह समझौता भारत के किसानों और निर्यातकों के लिए नए अवसर खोलने वाला है, न कि नुकसान पहुंचाने वाला. पीयूष गोयल ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार ने बातचीत के दौरान यह सुनिश्चित किया कि देश की मुख्य फसलें किसी भी तरह की विदेशी प्रतिस्पर्धा से प्रभावित न हों. 

ट्रेड डील में इन चीजों का आयात नहीं होगा

केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि गेहूं, चावल, मोटे अनाज, सोयाबीन, मक्का, मसाले और आलू जैसी फसलों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है. इसके अलावा डेयरी और पोल्ट्री सेक्टर को अमेरिकी बाजार के लिए नहीं खोला गया है, ताकि छोटे और मध्यम किसानों की आजीविका पर कोई असर न पड़े.

समझौते से कृषि सेक्‍टर को होगा फायदा: गोयल

गोयल ने यह भी कहा कि इस व्यापार समझौते से भारतीय कृषि और संबद्ध क्षेत्रों को फायदा होगा. बासमती चावल, फल, मसाले, चाय और समुद्री उत्पादों को अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच मिलने की संभावना है. इससे किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि निर्यात को मजबूती मिलेगी. कपास और वस्त्र क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कपास आधारित उत्पादों के निर्यात में तेजी से देश के कपास किसानों को सीधा लाभ मिलेगा.

राहुल गांधी के आरोप निराधार: चौहान

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, जिनका असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है. अमेरिका के साथ हुए इस समझौते में भी किसानों का हित सर्वोपरि रखा गया है और किसी भी संवेदनशील क्षेत्र से समझौता नहीं किया गया.

राहुल गांधी ने जारी किया था वीडियो संदेश

मालूम हो कि राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया था. उन्होंने यह भी दावा किया था कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के पीछे विदेशी दबाव है और फैसले स्वतंत्र नहीं हैं. इस संदर्भ में उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप का भी जिक्र किया था.

सरकार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यह समझौता भारत की आर्थिक मजबूती, निर्यात बढ़ाने और किसानों की आय में इजाफा करने की दिशा में एक रणनीतिक कदम है. केंद्र ने दावा किया कि आने वाले समय में इसके सकारात्मक नतीजे जमीन पर साफ नजर आएंगे. (पीटीआई)

POST A COMMENT