जूनागढ़ मंडी में मूंगफली के मिल रहे अच्छे भाव, फिर भी किसानों की कमाई पर असर!

जूनागढ़ मंडी में मूंगफली के मिल रहे अच्छे भाव, फिर भी किसानों की कमाई पर असर!

गुजरात की जूनागढ़ मंडी में मूंगफली की बंपर आवक हो रही है और किसानों को 1,400 से 2,200 रुपये तक के भाव मिल रहे हैं. लेकिन कम बारिश के कारण इस साल उत्पादन घट गया है. ऐसे में अच्छे दाम मिलने के बावजूद किसानों की कुल कमाई पर असर पड़ रहा है.

Advertisement
जूनागढ़ मंडी में मूंगफली के मिल रहे अच्छे भाव, फिर भी किसानों की कमाई पर असर!मूंगफली की बंपर आवक

गुजरात के जूनागढ़ में मूंगफली की फसल लेकर किसान बड़ी संख्या में मार्केटिंग यार्ड पहुंच रहे हैं. मंडी में रोजाना करीब 20 हजार से 40 हजार बोरियों की आवक हो रही है. वहीं, मूंगफली की क्वालिटी के हिसाब से किसानों को 1,400 से 2,200 रुपये तक के भाव मिल रहे हैं. अच्छे दाम मिलने से किसानों को राहत जरूर है, लेकिन इस बार कम बारिश के कारण पैदावार घटने से उनकी कुल कमाई पर असर पड़ा है.

जूनागढ़ का मार्केटिंग यार्ड मूंगफली की खरीद-बिक्री के लिए जाना जाता है. इन दिनों यहां किसानों की आवाजाही बढ़ गई है. किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं, जहां क्वालिटी के आधार पर मूंगफली के भाव तय हो रहे हैं. हालांकि, किसानों का कहना है कि जितनी मेहनत उन्होंने फसल उगाने में की, उसके मुकाबले उत्पादन कम हुआ है. ऐसे में अच्छे भाव मिलने के बावजूद उन्हें उम्मीद के मुताबिक फायदा नहीं मिल पा रहा है.

कम बारिश से मूंगफली की पैदावार घटी

इस साल मॉनसून के दौरान पर्याप्त बारिश नहीं होने से मूंगफली की फसल प्रभावित हुई है. किसानों को फसल बचाने के लिए सिंचाई में ज्यादा मेहनत करनी पड़ी. इसके बावजूद कई किसानों के खेतों में उत्पादन कम हुआ है. कम पैदावार के कारण बाजार में अच्छे दाम मिलने का फायदा भी पूरी तरह नहीं मिल पा रहा है. मानावदर तहसील के बोड़का गांव के किसान ने बताया कि उनके पास छह एकड़ जमीन है, जिसमें उन्होंने तीन एकड़ में मूंगफली की बुवाई की थी. इस बार उत्पादन कम रहा. किसान के मुताबिक, मंडी में उन्हें मूंगफली का भाव 1,653 रुपये मिला. उन्होंने बताया कि बिक्री के पैसे मिलने से उन्हें सर्दियों की फसल की तैयारी करने में मदद मिलेगी. कम बारिश के कारण मूंगफली की फसल को पानी देने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी.

अच्छे भाव, लेकिन लागत और मेहनत की चिंता

केशोद के मोटी घनसारी गांव से आए किसान बहादुरसिंह संग्रामसिंह रायजादा ने बताया कि वह मंडी में 66 नंबर क्वालिटी वाली मूंगफली लेकर पहुंचे थे. उन्हें 20 किलो मूंगफली के 2,060 रुपये मिले. किसान का कहना है कि बारिश कम होने के कारण फसल तैयार करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ी और उत्पादन भी घट गया. ऐसे में उन्हें मिल रहे दाम मेहनत के मुकाबले कम लग रहे हैं.

अगली फसल की तैयारी के लिए बेच रहे उपज

इस समय किसान सर्दियों की फसल की बुवाई की तैयारी कर रहे हैं. खेतों की तैयारी, बीज और दूसरी जरूरतों के लिए उन्हें पैसों की आवश्यकता है. यही वजह है कि किसान मूंगफली बेचने के लिए मंडी पहुंच रहे हैं. हालांकि, कम बारिश के कारण पानी की कमी बनी रहने से किसानों को अगले फसल की चिंता भी सता रही है. किसानों को उम्मीद है कि मूंगफली की बिक्री से मिली रकम से वे रबी सीजन की तैयारी कर सकेंगे. फिलहाल, जूनागढ़ की मंडी में मूंगफली की अच्छी आवक और बेहतर भाव के बीच किसानों के सामने कम उत्पादन और बढ़ी मेहनत की चुनौती बनी हुई है. (भार्गवी के. जोशी की रिपोर्ट)

POST A COMMENT