नकली पनीर (सांकेतिक फोटो)मथुरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग (FSDA) की टीम ने मिलावटी पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत छाता इलाके में सोनू कुमार पुत्र छीतरमल की पनीर निर्माण फैक्ट्री पर छापेमारी की गई. जांच के दौरान फैक्ट्री में पनीर बनाने के लिए बड़ी मात्रा में रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और टीनोपाल केमिकल सहित अन्य संदिग्ध पदार्थ मिले. अधिकारियों के मुताबिक, इन पदार्थों का इस्तेमाल पनीर तैयार करने में किया जा रहा था.
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुल 9 नमूने लिए. इसके साथ ही करीब 500 किलोग्राम दूषित पनीर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है. टीम ने मौके पर ही इस दूषित पनीर को नष्ट कराया. इसके अलावा करीब 2,000 लीटर दूध भी सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये है. अधिकारियों ने मिलावट में इस्तेमाल किए जा रहे पदार्थों को भी जब्त कर लिया है.
मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मथुरा में मिलावटी दूध, पनीर और मिठाइयों के कारोबार को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं. आरोप है कि कुछ कारोबारी दूध और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट कर नकली पनीर और मिठाइयां तैयार करते हैं. ऐसे उत्पाद सीधे लोगों की सेहत को प्रभावित कर सकते हैं. जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है. हालांकि, मिलावट के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार जांच और सख्त कार्रवाई की जरूरत है. (मदन गोपाल)
ये भी पढ़ें:
मखाना सस्ता, चिंता महंगी: बीज और लावा के गिरते दाम से सहनी समाज पर बढ़ा कर्ज का बोझ
महाराष्ट्र FDA को पुणे के मिठाई दुकानदार को देना होगा 5 लाख मुआवजा, बॉम्बे HC ने दिए निर्देश
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today