गढ़वा में कृषि पाठशाला में खेती के गुर सीख रहे किसान, 21 गांवों काे मिलेगा फायदा, CM सोरेन ने की समीक्षा

गढ़वा में कृषि पाठशाला में खेती के गुर सीख रहे किसान, 21 गांवों काे मिलेगा फायदा, CM सोरेन ने की समीक्षा

झारखंड के गढ़वा जिले में किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए तीन कृषि पाठशालाएं संचालित की जा रही हैं. बनसानी कृषि पाठशाला की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समीक्षा की. यहां 25 एकड़ में आधुनिक खेती, 84 टन तरबूज का उत्पादन और सात गांवों के किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

Advertisement
गढ़वा में कृषि पाठशाला में खेती के गुर सीख रहे किसान, 21 गांवों काे मिलेगा फायदा, CM सोरेन ने की समीक्षासीएम सोरेन प्रोजेक्‍ट की समीक्षा करते हुए

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान गढ़वा जिले के भवनाथपुर प्रखंड स्थित बनसानी (कछरवा) की समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषि पाठशाला की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की. उन्होंने यहां चल रही आधुनिक खेती, नर्सरी, बागवानी और किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने परियोजना के कार्यों की सराहना करते हुए किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया.

25 एकड़ में आधुनिक खेती, 84 टन तरबूज का उत्पादन

कृषि पाठशाला के प्रोजेक्ट मैनेजर डॉ. प्रदीप कुमार सैनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि 25 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक तकनीक से खेती की जा रही है. इस साल यहां 84 टन तरबूज का उत्पादन हुआ, जिसे कोलकाता समेत अन्य बाजारों में भेजा गया. इसके अलावा शिमला मिर्च, गोभी, बैंगन, लौकी और भिंडी की नर्सरी तैयार की जा रही है. खेतों में इन फसलों की व्यावसायिक खेती की तैयारी भी जारी है.

फलों की बागवानी पर खास जोर

परियोजना के तहत करीब साढ़े सात एकड़ क्षेत्र में आम, नींबू, संतरा, कटहल, अमरूद और आंवला जैसे फलदार पौधे लगाए गए हैं. इन पौधों की नियमित देखभाल की जा रही है, ताकि आने वाले वर्षों में किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिल सके. परियोजना का उद्देश्य आधुनिक और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी बढ़ाना है.

सात गांवों के किसानों को मिल रहा सीधा लाभ

बनसानी कृषि पाठशाला से आसपास के सात गांवों के किसान सीधे जुड़े हुए हैं. यहां किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. साथ ही सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है. 

किसानों का कहना है कि वे यहां काम करने के साथ-साथ खेती के नए तरीके सीख रहे हैं, जिससे भविष्य में बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ी है. कृषि पाठशाला में मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण भी शुरू किया जा रहा है.

गढ़वा में तीन कृषि पाठशालाएं, 21 गांव बनेंगे कृषि विलेज

गढ़वा के उपायुक्त पी.एन. मिश्रा ने बताया कि जिले में तीन कृषि पाठशालाएं संचालित की जा रही हैं और 21 गांवों को कृषि विलेज के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दे रहे हैं. प्रशासन का लक्ष्य आधुनिक खेती, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के जरिए किसानों की आय और उत्पादन दोनों में वृद्धि करना है. (चंदन कुमार कश्‍यप की रिपोर्ट)

POST A COMMENT