सीतापुर और रामपुर के किसानों को मिला पारदर्शी व्यवस्था का लाभउत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा राज्य के किसानों को समृद्धि और आधुनिकता से जोड़ने के संकल्प के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लॉन्च की गई ऐप आधारित उर्वरक आपूर्ति व्यवस्था के पहले ही दिन किसानों की ओर से भारी और उत्साहजनक प्रतिक्रिया देखने को मिली है. तकनीक के इस अनूठे प्रयोग से न केवल उर्वरक वितरण प्रणाली में अभूतपूर्व पारदर्शिता आएगी, बल्कि किसानों को बिना किसी परेशानी के सीधे उनके स्मार्टफोन के माध्यम से खाद की बुकिंग करने की सुविधा भी मिल रही है यह व्यवस्था राज्य के अन्नदाताओं को बिचौलियों और कालाबाजारी से पूरी तरह मुक्ति दिलाने की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम साबित हो रही है.
प्रदेश के कृषि निदेशक डॉ. पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए कृषि विभाग द्वारा शुरू किए गए इस पायलट प्रोजेक्ट के पहले दिन के प्रदेश के दो चयनित जनपदों- सीतापुर और रामपुर के कुल 4,258 किसानों ने फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल ऐप पर सफलता पूर्वक उर्वरक की एडवांस बुकिंग कराई है. उन्होंने बताया कि इस पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से पहले ही दिन कुल 542.73 मीट्रिक टन उर्वरक की बुकिंग की जा चुकी है, जो कुल 2,736.248 हेक्टेयर भूमि क्षेत्र को कवर करती है. इस तकनीक आधारित व्यवस्था के प्रति किसानों का भरोसा इस बात से प्रमाणित होता है कि दोनों जिलों में बड़े पैमाने पर विभिन्न श्रेणियों के उर्वरकों की बुकिंग दर्ज की गई है.
डॉ. पंकज कुमार त्रिपाठी के अनुसार, जनपद सीतापुर में ऐप आधारित व्यवस्था को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखा गया, जहां पहले ही दिन 3,607 किसानों ने कुल 447.85 मीट्रिक टन उर्वरक बुक किया. इसमें यूरिया के लिए 2,833 बुकिंग (382.05 मीट्रिक टन), डीएपी के लिए 687 बुकिंग (60.15 मीट्रिक टन), एमओपी के लिए 51 बुकिंग (3.55 मीट्रिक टन), एनपीकेएस के लिए 17 बुकिंग (1.1 मीट्रिक टन) तथा एसएसपी के लिए 19 बुकिंग (1 मीट्रिक टन) शामिल हैं. यह पूरी बुकिंग सीतापुर के 2,202.533 हेक्टेयर भूमि क्षेत्र को कवर करती है.
इसी प्रकार, जनपद रामपुर में भी इस व्यवस्था को हाथों-हाथ लिया गया है, जहां 651 किसानों ने 533.715 हेक्टेयर भूमि के लिए कुल 94.88 मीट्रिक टन उर्वरक की एडवांस बुकिंग की. रामपुर में यूरिया के लिए 443 किसानों ने 72.18 मीट्रिक टन, डीएपी के लिए 177 किसानों ने 20.25 मीट्रिक टन, एमओपी के लिए 28 किसानों ने 2.25 मीट्रिक टन तथा एनपीकेएस के लिए 3 किसानों ने 0.2 मीट्रिक टन उर्वरक की बुकिंग सफलतापूर्वक पूरी की है.
कृषि निदेशक ने बताया कि इस नई डिजिटल व्यवस्था को सुचारू रूप से धरातल पर उतारने के लिए सरकार रिटेल काउंटर्स को भी तेजी से अपडेट कर रही है. दोनों जनपदों में सक्रिय कुल 3,758 उर्वरक खुदरा विक्रेताओं में से 296 रिटेलर्स के पीओएस (POS) उपकरणों को पहले ही दिन नवीनतम 3.77वी संस्करण में सफलतापूर्वक अपग्रेड कर दिया गया है. इसमें सीतापुर के 224 और रामपुर के 72 सक्रिय खुदरा विक्रेता शामिल हैं. बाकी 3,462 उपकरणों के अपग्रेडेशन का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, ताकि शत-प्रतिशत खुदरा दुकानों पर किसानों को इस पारदर्शी तकनीक का निर्बाध लाभ मिल सके.
ये भी पढ़ें-
Good News: यूपी में आज से 'फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल' ऐप के जरिए मिलेगी खाद, जानें बुकिंग प्रोसेस
ऊसर जमीन से भी दमदार पैदावार, इन नई किस्मों और वैज्ञानिक तरीकों से होगी धान की बंपर पैदावार!
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today