वैश्विक बाजार में गेहूं के दाम घटे (सांकेतिक तस्वीर)अक्टूबर में अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद्य वस्तुओं की कीमतों में नरमी देखने को मिली. संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में वैश्विक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में 1.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. गेहूं, मक्का, डेयरी उत्पादों और मीट के दाम घटने से खाद्य कीमतों में नरमी आई है. हालांकि, चीनी की कीमतों में तेज उछाल ने इस राहत को कुछ हद तक सीमित कर दिया है.
FAO के मुताबिक, अक्टूबर में फूड प्राइस इंडेक्स घटकर 133.9 अंक पर आ गया, जबकि सितंबर में इसका संशोधित स्तर 135.5 अंक था. इस तरह एक महीने में इंडेक्स में 1.6 अंक यानी 1.2 फीसदी की कमी आई है. हालांकि, सालाना आधार पर खाद्य कीमतें अभी भी 5.9 फीसदी अधिक हैं. मार्च 2022 में अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद से यह इंडेक्स अब तक 16.4 फीसदी नीचे आ चुका है.
अनाज की कीमतों में आई कमी ने वैश्विक खाद्य बाजार को सबसे ज्यादा राहत दी है. अक्टूबर में FAO का सीरियल प्राइस इंडेक्स सितंबर के मुकाबले 4.5 फीसदी गिर गया. लगातार चार महीने की बढ़ोतरी के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में गेहूं के दाम नीचे आए.
FAO के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मांग कमजोर रहने और खासकर अर्जेंटीना में उत्पादन की बेहतर संभावनाओं के कारण गेहूं की कीमतों पर दबाव पड़ा. इसके अलावा, काला सागर क्षेत्र से अनाज निर्यात पर प्रतिबंधों में ढील की उम्मीद ने भी कीमतों को नीचे लाने में भूमिका निभाई. हालांकि, इस क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स संबंधी बाधाओं के चलते गिरावट सीमित रही.
सितंबर में तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद अक्टूबर में अंतरराष्ट्रीय मक्का कीमतों में भी नरमी दर्ज की गई. अमेरिका में फसल कटाई और दक्षिण अमेरिका के प्रमुख निर्यातक देशों से पर्याप्त आपूर्ति की उम्मीद ने बाजार पर दबाव बनाया.
वहीं, चावल की कीमतों में इसके उलट तेजी देखने को मिली. अक्टूबर में FAO का ऑल राइस प्राइस इंडेक्स 1.6 फीसदी बढ़ गया. कुछ निर्यातक देशों में कटाई में देरी और प्रतिकूल मौसम के कारण चावल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों को समर्थन मिला.
अक्टूबर में डेयरी प्राइस इंडेक्स 1.1 फीसदी नीचे आ गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में मक्खन और चीज की कीमतों में गिरावट इसका प्रमुख कारण रही. पर्याप्त आपूर्ति और खरीदारों की कमजोर मांग ने इन उत्पादों के दाम घटाए. हालांकि, मिल्क पाउडर की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही.
मीट की कीमतों में भी अक्टूबर के दौरान 1.2 फीसदी की गिरावट आई. पिग मीट, ओवाइन मीट और बोवाइन मीट के दाम नीचे आए, जबकि पोल्ट्री मीट की कीमतें लगभग स्थिर रहीं. इसके बावजूद मीट प्राइस इंडेक्स पिछले साल के समान समय के स्तर से थोड़ा ऊपर बना हुआ है.
खाद्य तेलों के अंतरराष्ट्रीय बाजार में अक्टूबर के दौरान मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई. FAO का वेजिटेबल ऑयल प्राइस इंडेक्स 0.3 फीसदी बढ़ा. सोयाबीन और सूरजमुखी तेल की कीमतों में तेजी ने रेपसीड तेल के दामों में गिरावट के असर को कम कर दिया.
अक्टूबर में चीनी की कीमतें वैश्विक खाद्य बाजार में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रहीं. FAO का शुगर प्राइस इंडेक्स सितंबर के मुकाबले 6.6 फीसदी बढ़ गया. सालाना आधार पर इसमें 28.8 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. यह लगातार चौथा महीना है, जब चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. अक्टूबर में इसका इंडेक्स दिसंबर 2024 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया.
FAO के मुताबिक, ब्राजील के प्रमुख सेंटर-साउथ क्षेत्र में बारिश के कारण गन्ने की कटाई और पेराई का काम प्रभावित हुआ है. इसके अलावा, 2026-27 सीजन में भारत, यूरोपीय संघ और थाईलैंड में चीनी उत्पादन की संभावनाओं को लेकर चिंता ने भी अंतरराष्ट्रीय कीमतों को बढ़ावा दिया.
FAO ने 2026 में वैश्विक अनाज उत्पादन 2,999 मिलियन टन रहने का अनुमान जताया है. यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादन स्तर होगा, हालांकि 2025 के रिकॉर्ड उत्पादन से कम रहेगा.
वहीं, 2026-27 में वैश्विक अनाज व्यापार 3.3 फीसदी घटकर 507.7 मिलियन टन रहने का अनुमान है. इसमें गेहूं का व्यापार 8.6 फीसदी घटने की संभावना जताई गई है. FAO के अनुसार, गेहूं के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में संभावित कमी वैश्विक अनाज व्यापार में गिरावट की प्रमुख वजह होगी. (एएनआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today