Milk Price Hike: मदर डेयरी ने दिल्ली-NCR में 2 रुपये लीटर बढ़ाए दूध के दाम, 14 मई से होंगे लागू

Milk Price Hike: मदर डेयरी ने दिल्ली-NCR में 2 रुपये लीटर बढ़ाए दूध के दाम, 14 मई से होंगे लागू

Mother Dairy Milk Price Hike: दिल्ली-NCR में मदर डेयरी का दूध 14 मई से महंगा होने जा रहा है. कंपनी ने सभी प्रमुख मिल्क वेरिएंट्स के दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने का फैसला किया है. बढ़ती खरीद लागत को इसकी मुख्य वजह बताया गया है.

Advertisement
Milk Price Hike: मदर डेयरी ने दिल्ली-NCR में 2 रुपये लीटर बढ़ाए दूध के दाम, 14 मई से होंगे लागूमदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम (फाइल फोटो)

दिल्ली-NCR के उपभोक्ताओं को बुधवार से दूध के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी. मदर डेयरी ने अपने विभ‍िन्‍न मिल्क वेरिएंट्स की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. नई दरें 14 मई 2026 से लागू होंगी. कंपनी ने बढ़ती खरीद लागत और किसानों को अधिक भुगतान की जरूरत को इस फैसले की मुख्य वजह बताया है. कंपनी के अनुसार, पिछले एक साल में दूध खरीद की लागत में करीब 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. लगातार लागत बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं पर असर कम रखने की कोशिश की गई, लेकिन अब कीमतों में आंशिक संशोधन जरूरी हो गया था. 

कल से इस रेट पर मिलेगा मदर डेयरी का दूध

कंपनी ने कहा कि इसका उद्देश्य किसानों के हितों की सुरक्षा के साथ उपभोक्ताओं को लगातार गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराना है. नई कीमतों के तहत टोकन मिल्क अब 56 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा. फुल क्रीम मिल्क की कीमत 70 रुपये से बढ़कर 72 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. टोंड मिल्क अब 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 58 रुपये थी.

डबल टोंड मिल्‍क का रेट 54 रुपये लीटर

इसके अलावा डबल टोंड मिल्क (लाइव लाइट) की कीमत 52 रुपये से बढ़ाकर 54 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. काउ मिल्क अब 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जो पहले 60 रुपये था. वहीं, प्रो मिल्क की कीमत भी 70 रुपये से बढ़ाकर 72 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. कंपनी ने जानकारी दी कि इससे पहले दूध की कीमतों में आखिरी संशोधन अप्रैल 2025 में किया गया था. 

मदर डेयरी ने एक बयान में कहा है कि यह बढ़ोतरी केवल बढ़ी हुई लागत का सीमित हिस्सा ही उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए की गई है. मदर डेयरी ने यह भी कहा कि उसकी कुल दूध बिक्री से होने वाली आय का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे किसानों और दूध खरीद व्यवस्था पर खर्च होता है. 

अमूल ने भी दूध के दाम में बढ़ोतरी का ऐलान किया

बता दें क‍ि एक साल बाद फिर से दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर असर पड़ने की संभावना है, खासकर उन परिवारों पर जहां रोजाना दूध की खपत ज्यादा है. वहीं, आज ही अमूल ने भी देशभर में दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जो कल यानी 14 मई से लागू होंगे. अमूल ने पशुचारे और पैकेजिंग में बढ़ी हुई लागत का हवाला देते हुए कीमत में बढ़ोतरी का फैसला लेने की बात कही है.

POST A COMMENT