बछड़ों का अनोखा नामकरण संस्कार: 20 बछड़ों को परिवारों ने लिया गोद, 500 गोवंश को कराया गया छप्पन भोग

बछड़ों का अनोखा नामकरण संस्कार: 20 बछड़ों को परिवारों ने लिया गोद, 500 गोवंश को कराया गया छप्पन भोग

चंद्रपुर के लोहारा गांव स्थित उज्ज्वल गोरक्षण संस्था ने अनोखी पहल करते हुए बछड़ों का नामकरण संस्कार आयोजित किया. फूलों और गुब्बारों से सजे झूले में करीब 20 बछड़ों का विधिवत नामकरण हुआ और उनके गले में नाम की पट्टिका पहनाई गई. शहर के कई परिवारों ने बछड़ों को गोद लेकर सहयोग राशि के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी ली. गौशाला के करीब 500 गोवंश को छप्पन भोग भी कराया गया. संस्था 35 वर्षों से गोवंश की सेवा कर रही है.

Advertisement
यमुना, कावेरी, गोविंद... चंद्रपुर की गौशाला में 20 बछड़ों का नामकरण संस्कारबछड़ों का अनोखा नामकरण

गोवंश की सेवा और संरक्षण केवल भावनाओं तक सीमित न रहे, बल्कि हर व्यक्ति इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाए, इसी उद्देश्य से चंद्रपुर के लोहारा गांव स्थित उज्ज्वल गोरक्षण संस्था ने एक अनोखी पहल की. यहां बछड़ों का नामकरण संस्कार आयोजित किया गया, जिसमें शहर के सैकड़ों लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.

झूले में बैठाकर हुआ नामकरण

गौशाला परिसर में इस आयोजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी. फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजे बड़े झूले में बछड़ों को बिठाकर पारंपरिक तरीके से उनका नामकरण किया गया. इसके बाद उनके गले में नाम की पट्टिका पहनाई गई. करीब 20 बछड़ों का नामकरण हुआ. किसी का नाम यमुना, किसी का कावेरी तो किसी का गोविंद रखा गया.

परिवारों ने गोद लेकर उठाई जिम्मेदारी

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि परिवारों ने बछड़ों को गोद लेकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया. गोद लेने वाले परिवारों ने सहयोग राशि देकर अपनी जिम्मेदारी भी स्वीकार की. आयोजन में लोगों में गोवंश के प्रति विशेष प्रेम और उत्साह दिखा.

500 गोवंश को छप्पन भोग

आयोजन का एक और आकर्षण गौशाला के करीब 500 गोवंश के लिए छप्पन भोग रहा. इसमें कई प्रकार की दालें, हरी सब्जियां और विभिन्न खाद्य पदार्थ शामिल थे. पूरे श्रद्धाभाव के साथ गोवंश को यह भोजन कराया गया.

35 साल से जारी है सेवा

गौशाला संचालक दीपक पारेख ने आयोजन के बारे में जानकारी दी. उज्ज्वल गोरक्षण संस्था पिछले करीब 35 वर्षों से गोवंश की देखभाल और संरक्षण का काम कर रही है. वर्तमान में यहां लगभग 500 गोवंश हैं. संस्था के अनुसार इनमें से अधिकांश को अवैध रूप से कत्लखाने ले जाते समय पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद यहां लाया गया है. इनके चारे, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर काफी खर्च होता है, जिसमें शहर के नागरिक अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग देते हैं.

समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

इस आयोजन का उद्देश्य केवल बछड़ों का नाम रखना नहीं, बल्कि लोगों को गोवंश की देखभाल से सीधे जोड़ना था. सैकड़ों लोगों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि गोवंश का संरक्षण किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. नामकरण संस्कार और छप्पन भोग की चर्चा अब पूरे परिसर में हो रही है.(विकास राजुरकर का इनपुट)

POST A COMMENT