पहाड़ी इलाकों में गेहूं की खेती के लिए बेस्ट हैं ये किस्में, 50 क्विंटल तक मिलेगी पैदावार!

पहाड़ी इलाकों में गेहूं की खेती के लिए बेस्ट हैं ये किस्में, 50 क्विंटल तक मिलेगी पैदावार!

पहाड़ी क्षेत्रों में गेहूं की खेती करने वाले किसानों के लिए सही किस्म का चुनाव बेहद जरूरी है. कम पानी में अच्छी पैदावार देने वाली उन्नत किस्मों को अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ा सकते हैं. जानिए पहाड़ी इलाकों के लिए कौन-सी गेहूं की किस्में बेहतर मानी जाती हैं.

Advertisement
पहाड़ी इलाकों में गेहूं की खेती के लिए बेस्ट हैं ये किस्में, 50 क्विंटल तक मिलेगी पैदावार!गेहूं की खेती

पहाड़ी इलाकों में धान की कटाई के बाद अब किसान गेहूं की बुवाई की तैयारी में जुट गए हैं. पहाड़ों में गेहूं की अच्छी पैदावार पाने के लिए सही समय पर बुवाई के साथ-साथ उन्नत किस्मों का चुनाव करना भी बेहद जरूरी है. खासकर उन क्षेत्रों में जहां सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होता, वहां ऐसी किस्मों की जरूरत होती है जो कम पानी और बारिश के सहारे भी अच्छी पैदावार दे सकें. कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, गेहूं की कुछ ऐसी किस्में हैं, जिन्हें उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर उगाया जा सकता है. इन किस्मों से किसान प्रति हेक्टेयर 30 से 50 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं. आइए जानते हैं कौन सी हैं वो किस्में और क्या है उनकी खासियत.

पहाड़ी इलाकों में कब करें गेहूं की बुवाई

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गेहूं की बुवाई के लिए 15 नवंबर से दिसंबर के पहले सप्ताह तक का समय उपयुक्त माना जाता है. धान की कटाई के बाद खेत तैयार करके किसान इस दौरान गेहूं की बुवाई कर सकते हैं. गेहूं की पैदावार कई बातों पर निर्भर करती है. इसमें मौसम, बारिश, मिट्टी, बीज की क्वालिटी, उर्वरक और सिंचाई की अहम भूमिका होती है. किसानों के हाथ में मौसम और बारिश को नियंत्रित करना नहीं है, लेकिन सही किस्म का चुनाव करके वे बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ा सकते हैं.

पहाड़ी इलाकों के लिए गेहूं की 5 खास वैरायटी

1. वीएल गेहूं-967: ये किस्म उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में खेती के लिए अच्छी मानी जाती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे कम पानी की जरूरत होती है. यह मुख्य रूप से वर्षा आधारित खेती के लिए उपयुक्त है, यानी जिन किसानों के पास सिंचाई की पर्याप्त सुविधा नहीं है, वे भी इस किस्म की खेती कर सकते हैं. इस किस्म से प्रति हेक्टेयर लगभग 40 से 45 क्विंटल तक उत्पादन मिल सकता है. इसकी फसल करीब 95 से 105 दिनों में तैयार हो जाती है. कम समय में तैयार होने और कम पानी की आवश्यकता के कारण यह पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है.

2. डीवीडब्ल्यू-187: डीवीडब्ल्यू-187 गेहूं की ऐसी किस्म है, जिसे पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में उगाया जा सकता है. यह किस्म भी मुख्य रूप से वर्षा आधारित खेती के लिए उपयुक्त है. इसकी खासियत यह है कि सामान्य बारिश के सहारे इसकी फसल तैयार की जा सकती है. हालांकि, बारिश नहीं होने पर किसान जरूरत के अनुसार 4 से 5 बार सिंचाई कर सकते हैं. इस किस्म में फसल की अलग-अलग अवस्थाओं पर पानी देना जरूरी होता है. खासकर बुवाई के बाद, गुड़ाई के समय, फूल आने और दाना बनने के दौरान सिंचाई का ध्यान रखना चाहिए. इससे फसल की बढ़वार और दानों के विकास में मदद मिलती है. इसकी पैदावार प्रति हेक्टेयर करीब 30 से 40 क्विंटल तक हो सकती है. वहीं, इसे तैयार होने में लगभग 6 महीने का समय लगता है.

3. डीवीडब्ल्यू-222: डीवीडब्ल्यू-222 गेहूं की एक ऐसी किस्म है, जिसकी खेती किसान बड़े पैमाने पर कर रहे हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी अच्छी उत्पादन क्षमता है. अनुकूल परिस्थितियों में इस किस्म से प्रति हेक्टेयर करीब 50 क्विंटल तक गेहूं का उत्पादन मिल सकता है. हालांकि, इस किस्म को दूसरी किस्मों की तुलना में ज्यादा सिंचाई की जरूरत होती है. सामान्य तौर पर इसमें 6 से 7 बार सिंचाई की आवश्यकता होती है. इसकी फसल लगभग 120 दिनों में तैयार हो जाती है, जिन किसानों के पास सिंचाई की बेहतर व्यवस्था है, उनके लिए यह किस्म अच्छी पैदावार का विकल्प बन सकती है.

4. पूसा वत्सला: पूसा वत्सला गेहूं की किस्म को आईसीआरआईएसएटी संस्थान द्वारा विकसित बताया गया है. यह किस्म मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पर्वतीय इलाकों में भी अच्छी पैदावार देने में सक्षम है. इसकी खेती करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर लगभग 35 से 45 क्विंटल तक उत्पादन मिल सकता है. इस किस्म को तैयार होने में करीब 120 से 130 दिन लगते हैं. बेहतर उत्पादन के लिए इसमें 5 से 7 बार सिंचाई की जरूरत होती है. पहाड़ी क्षेत्रों के ऐसे किसान, जिनके पास सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है, वे इस किस्म का चुनाव कर सकते हैं.

किस्म चुनते समय किसान इन बातों का रखें ध्यान

पर्वतीय क्षेत्रों में गेहूं की खेती करते समय किसानों को अपनी जमीन, पानी की उपलब्धता और स्थानीय मौसम के अनुसार किस्म का चुनाव करना चाहिए.

- जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है, वहां वर्षा आधारित खेती के लिए उपयुक्त किस्मों को प्राथमिकता दें.
- सिंचाई की सुविधा वाले किसान अधिक उत्पादन क्षमता वाली किस्मों पर विचार कर सकते हैं.
- बुवाई के लिए प्रमाणित और अच्छी क्वालिटी वाले बीजों का इस्तेमाल करें.
- बुवाई का समय और बीज की मात्रा स्थानीय कृषि विशेषज्ञों की सलाह से तय करें.
- खेत की मिट्टी और जलवायु के अनुसार खाद और उर्वरक का इस्तेमाल करें. 

POST A COMMENT