चक्रवात अकवनबंगाल की खाड़ी में उठा गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' अब तटीय राज्यों के लिए खतरा बनता जा रहा है. तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश होने की आशंका है. वहीं, समुद्र में ऊंची लहरें उठने और 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. वहीं, तूफान के 20 नवंबर की दोपहर तक नरसपुर से पुरी के बीच तट से टकराने की संभावना है. इसके चलते कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और जलभराव का खतरा बना हुआ है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 19 नवंबर को चक्रवात 'अकवान' उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. इस दौरान इसकी अधिकतम हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है.
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चक्रवात का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. 19 नवंबर को राज्य के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश होने की आशंका है. 20 नवंबर को भी तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, 21 नवंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
हवा की बात करें तो उत्तरी आंध्र प्रदेश और यनम के तटों के पास 19 नवंबर की सुबह से हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है. तूफान के तट से टकराने के समय 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और तेज झोंकों का खतरा है. इससे पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर मकान क्षतिग्रस्त हो सकते हैं.
चक्रवात 'अकवान' का असर ओडिशा में भी देखने को मिलेगा. 19 और 20 नवंबर को दक्षिणी ओडिशा के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश हो सकती है. उत्तरी ओडिशा में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. 21 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है. ओडिशा के तटीय इलाकों में 19 नवंबर की सुबह से हवाएं 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इनके झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. 20 नवंबर की दोपहर तक तेज हवाओं का असर बना रह सकता है.
चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ दूसरे राज्यों में भी मौसम बदलने वाला है. 20 नवंबर को पूर्वी तेलंगाना में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 और 21 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. साथ ही झारखंड में भी 20 और 21 नवंबर को कई जगहों पर बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 21 नवंबर को पूर्वी विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 19 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में तूफान की रफ्तार और तेज हो सकती है. यहां 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में भी 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इनके झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों के पास 19 और 20 नवंबर को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर की सुबह से 20 नवंबर की दोपहर तक हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है.
IMD ने चेतावनी दी है कि तूफान के तट से टकराने के समय समुद्र में सामान्य ज्वार के स्तर से 0.5 से 1 मीटर तक ऊंची तूफानी लहरें उठ सकती हैं. इससे पश्चिम गोदावरी, कोनासीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम के निचले इलाकों में पानी भर सकता है. दक्षिणी ओडिशा के गंजम और पुरी जिलों में भी समुद्री पानी घुसने का खतरा है. तेज हवाओं और भारी बारिश से धान सहित खड़ी फसलों, बागानों और फलदार पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है. केले, पपीते, नारियल और सहजन के पेड़ उखड़ सकते हैं. पेड़ों की शाखाएं टूटने, बिजली के खंभे गिरने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. निचले इलाकों में जलभराव, नदियों में बाढ़ और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है.
चक्रवात 'अकवान' का दिल्ली-NCR के मौसम पर कोई सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है. 19 नवंबर को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह के समय कई जगह हल्का कोहरा और कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा छा सकता है. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है.
मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 18 नवंबर तक, दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 20 नवंबर तक और पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 21 नवंबर की सुबह तक मछली पकड़ने पर रोक की सलाह दी गई है. पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर तक समुद्र में जाने से बचने को कहा गया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today