पुष्कर मेले की शान बनी 'नगीना'अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले में इस बार देशी-विदेशी पशुओं की अनूठी नस्लें और बेशकीमती घोड़े आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इनमें पंजाब से आई प्रीमियम नस्ल की घोड़ी 'नगीना' सबसे ज्यादा चर्चा में है. करीब 1 करोड़ रुपए कीमत बताई जा रही इस घोड़ी को देखने के लिए देशभर से घोड़ा प्रेमी और खरीदार पहुंच रहे हैं.
वहीं अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया से आए विदेशी पर्यटक भी नगीना के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं. इससे पुष्कर मेले की अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी नया आयाम मिल रहा है.
नगीना देशभर में प्रसिद्ध घोड़े 'दिलबाग' की बेटी है. उसने पंजाब और हरियाणा में आयोजित चार बड़े हॉर्स शो में लगातार जीत हासिल की है. उसकी शानदार चाल, आकर्षक रंगत और नाक-कान की बनावट घोड़ा प्रेमियों को खासा आकर्षित कर रही है.
विशेषज्ञों के मुताबिक नगीना अपने पिता दिलबाग की तरह रॉयल और स्टाइलिश है. उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, गुजरात और मध्य प्रदेश से पहुंचे सैकड़ों घोड़ा व्यापारी भी उसे करीब से देखने और उसके बारे में जानकारी लेने पहुंच रहे हैं.
कई खरीदारों ने उसे खरीदने के प्रस्ताव भी दिए हैं. मेला समिति के अधिकारी के अनुसार नगीना का प्रदर्शन हर शाम किया जा रहा है और शो के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक जुटते हैं.
पुष्कर मेले में इस बार सिर्फ नगीना ही नहीं, बल्कि कई दूसरे बेशकीमती और दुर्लभ पशु भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. मारवाड़ी नस्ल का 'गोल्डन किंग' अपनी करीब 21 करोड़ रुपए की अनुमानित कीमत को लेकर चर्चा में है.
इसके अलावा पांच साल का बादल नामक घोड़ा भी घोड़ा प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. वहीं महज 36 इंच ऊंचाई वाला पौनी नस्ल का घोड़ा 'भालू' अपनी छोटी कद-काठी और अनूठी बनावट के कारण लोगों को आकर्षित कर रहा है.
दक्षिण भारत से पहुंची दुर्लभ पुंगनूर गाय भी मेले में आकर्षण का केंद्र है. छोटे कद की इस गाय की खासियत इसका सीमित आकार और दूध देने की क्षमता है. इसके अलावा बीकानेर से लाया गया करीब 800 किलो वजनी मुर्रा नस्ल का भैंसा भी लोगों के बीच चर्चा में है. 'छोटा सुल्तान' और 'बादल' नाम से चर्चित भैंसों के साथ 'धाकड़' नाम का विशालकाय बैल भी पशुप्रेमियों को आकर्षित कर रहा है.
इस बार मेले में पशुओं की सुंदरता और नस्लों को लेकर भी खास आयोजन किए जा रहे हैं. राजस्थान की प्रसिद्ध सिरोही और सोजत नस्ल की बकरियों के बीच 'बकरी सुंदरी' प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. वहीं पुष्कर मेले की पारंपरिक पहचान ऊंटों की रौनक भी देखते ही बन रही है. देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे सजे-धजे ऊंटों की रेस और सौंदर्य प्रतियोगिताएं पर्यटकों को खूब लुभा रही हैं.
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला पुष्कर मेला धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से राजस्थान के प्रमुख आयोजनों में शामिल है. यहां देशभर से किसान, पशुपालक और व्यापारी ऊंट, घोड़े, गाय और भैंसों की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते हैं.
मेले में पशुओं के अलावा लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा, लोक संगीत और स्थानीय व्यंजनों की खुशबू भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है. इस बार नगीना जैसे बेशकीमती घोड़े और दुर्लभ पशुओं की मौजूदगी ने मेले को देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच और खास बना दिया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today