
एक जगह हजारों किसान मिले तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों को नसीहतों की झड़ी लगा थी. हालांकि नसीहतों के साथ-साथ तारीफ करने से भी पीछे नहीं हटे. मौका था किसान तक (इंडिया टुडे) की भारत एग्रीकल्चर कांफ्रेंस का. गुरुवार की रात भारत मंडपम, नई दिल्ली में पीएम मोदी किसानों को संबोधित कर रहे थे. इस मौके पर अंडे और दूध उत्पादन पर खासी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि दूध उत्पादन में आज हम पहले नंबर पर हैं तो अंडा उत्पादन में दूसरे नंबर पर है.
पीएम मोदी ने इस दौरान गेहूं-चावल और गन्ने की खेती से जुड़ी एक बड़ी नसीहत भी किसानों को दी. उन्होंने कहा कि तरक्की करने और मुनाफा बढ़ाने के लिए सिर्फ गेहूं-चावल और गन्ने के पीछे ही नहीं पड़े रहें. और भी दूसरी फसलें हैं, उनकी तरफ भी देखें. पीएम मोदी यहीं नहीं रुके, उन्होंने ब्लू रेवोल्यूशन की भी जमकर तारीफ की.
खेती-किसानी पर बोलते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने अंडे और दूध का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि आज हम दूध उत्पादन में दुनिया में नंबर वन हो चुके हैं. बीते 10 साल के अंदर हमारा दूध उत्पादन 70 फीसद बढ़ा है. वहीं अंडा उत्पादन में भारत दुनिया में नंबर दो हो गया है. अंडों का उत्पादन 90 फीसद तक बढ़ चुका है. गौरतलब रहे साल 2015-16 में भारत में दूध उत्पादन 15.5 करोड़ टन था. जबकि 2024-25 में ये बढ़कर 25 करोड़ टन हो गया है. इसी तरह से अंडा उत्पादन की बात करें तो साल 2015-16 में 8.3 हजार करोड़ अंडों का उत्पादन हुआ था.
जबकि 2024-25 में ये बढ़कर 15 हजार करोड़ अंडों पर पहुंच गया है. ब्लू रेवोल्यूशन यानि मछली पालन पर भी उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि कुछ ही वक्त में हम मछली पालन के मामले में दुनियाभर में दूसरे नंबर पर आ गया है. आंकड़ों पर जाएं तो मछली उत्पादन दो लाख टन को पार कर चुका है.
पीएम मोदी ने कांफ्रेंस के दौरान किसानों को संबोधित करते हुए कई नसीहत भी दीं. इसमे एक खास नसीहत गेहूं-चावल और गन्ने की खेती से जुड़ी हुई थी. उनका कहना था कि गेहूं-चावल और गन्ने की पारंपरिक खेती के भंडार भरे हुए हैं. ऐसे में हमे अपनी पारंपरिक खेती पर निर्भरता को कम करना चाहिए. इसके लिए और दूसरी फसलों को अपनाने की जरूरत है. सरकार दूसरी फसलों की खेती पर मदद भी कर रही है. खेती से जुड़े दूसरे कामों की ओर भी ध्यान देने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें-
Analog Paneer: AIIMS की डॉ. पिंकी बोलीं खा सकते हैं एनालॉग पनीर, लेकिन ध्यान रखें ये बात
Honey Production: शहद उत्पादन में आगे बढ़ रहा, लेकिन इंटरनेशनल मार्केट में कम हुए दाम
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today