
वर्ल्डफिश के डीजी ने मत्स्यपालकों को दी सलाहजलवायु परिवर्तन का असर अब मछली पालन पर भी बढ़ रहा है. पानी का तापमान बढ़ने और ऑक्सीजन का स्तर घटने से मछलियों की वृद्धि, उत्पादन और उनके प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं. ऐसे में भारत के मत्स्य क्षेत्र के सामने उत्पादन बढ़ाने के साथ जलवायु जोखिमों से निपटने की चुनौती भी है. वर्ल्डफिश के डायरेक्टर जनरल और CGIAR के जलीय खाद्य प्रणालियों के सीनियर डायरेक्टर डॉ. एस्साम यासीन मोहम्मद ने भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में इस चुनौती से निपटने के लिए जलवायु-सहिष्णु मछली किस्मों को बढ़ावा देने की जरूरत बताई.
डॉ. एस्साम यासीन मोहम्मद ने कहा कि भारत दुनिया के प्रमुख मछली उत्पादक देशों में शामिल है. ऐसे में देश की प्राथमिकता केवल मछली उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे पर्यावरण के अनुकूल और लंबे समय तक टिकाऊ बनाना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए ऐसी उत्पादन प्रणालियां विकसित करनी होंगी, जो जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का सामना कर सकें.

उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण जल स्रोतों का तापमान बढ़ रहा है और पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर कम हो रहा है. इससे मछलियों के रहने और पनपने की परिस्थितियां बदल रही हैं. इस चुनौती से निपटने के लिए तिलापिया, कार्प और दूसरी प्रमुख मछली प्रजातियों की ऐसी किस्मों के विकास और इस्तेमाल पर जोर दिया जाना चाहिए, जो अधिक तापमान और कम ऑक्सीजन की स्थिति में भी जीवित रह सकें.
जलवायु के अनुकूल मछली किस्मों को अपनाने से प्रतिकूल मौसम में भी उत्पादन बनाए रखने में मदद मिल सकती है. इससे छोटे और सीमांत मत्स्य पालकों की आजीविका को सुरक्षा मिलेगी. साथ ही, मछली उत्पादन में स्थिरता आने से लोगों को पोषण के लिए मछली की उपलब्धता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी. मोहम्मद ने भारत के मत्स्य क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को देखते हुए दीर्घकालिक टिकाऊपन और क्षेत्रीय मांग के अनुरूप उत्पादन को प्राथमिकता देने की बात कही.
मत्स्य पालकों को तिलापिया और कार्प जैसी प्रजातियों के प्रमाणित जलवायु-सहिष्णु बीज का इस्तेमाल करना चाहिए. इसके साथ ही तालाब के पानी की गुणवत्ता, पर्याप्त ऑक्सीजन और मछलियों के अनुकूल परिस्थितियां बनाए रखना जरूरी है. उत्पादन का जोखिम कम करने के लिए एक ही प्रजाति पर निर्भर रहने के बजाय अलग-अलग मछली प्रजातियों को पालने पर भी ध्यान देना चाहिए.
डॉ. मोहम्मद ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए नीतिगत स्तर पर भी कई कदम उठाने की जरूरत बताई. उनके मुताबिक, अधिक तापमान और कम ऑक्सीजन सहने वाली मछली किस्मों के विकास के लिए प्रजनन कार्यक्रमों में निवेश बढ़ाना चाहिए. छोटे मत्स्य पालकों तक गुणवत्तापूर्ण मछली बीज और चारा पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत करनी होगी.
इसके अलावा, मत्स्य पालन से जुड़ी सलाह और प्रशिक्षण में जलवायु संबंधी जानकारी शामिल करने की जरूरत है. चरम मौसम की घटनाओं से प्रभावित होने वाले मछली पालकों के लिए बीमा और जोखिम प्रबंधन की सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है, ताकि जलवायु संबंधी नुकसान का असर उनकी आजीविका पर कम पड़े.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today