
मध्यप्रदेश सरकार इस वर्ष 9 नवंबर को गोवर्धन पर्व विशेष उत्साह के साथ मनाएगी. इस अवसर पर प्रदेशभर में गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा.
पशुपालन एवं डेयरी विभाग, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना और उत्कृष्ट पशुपालन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करना है. भोपाल में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन के साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्मानित करेंगे.प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को प्रमाण-पत्र के साथ नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी.
पुरस्कार राशि का विवरण इस प्रकार है:
सभी विजेता पशुपालकों को पुरस्कार की राशि एक साथ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी.
इसके अलावा राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के टॉप-10 दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सांकेतिक रूप से सम्मानित किया जाएगा. सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजनों से पशुपालकों में बेहतर नस्ल के पशुओं के पालन, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाने के प्रति रुचि बढ़ेगी.
गोवर्धन पर्व के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार गौशालाओं के लिए भी बड़ी आर्थिक सहायता जारी करेगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए सितंबर माह की अनुदान राशि अंतरित करेंगे.इसके तहत 60 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे संबंधित गौशालाओं के खातों में भेजी जाएगी.
प्रदेश सरकार द्वारा गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर देखभाल के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं. गौशालाओं को मिलने वाली यह अनुदान राशि गोवंश के लिए चारा, भोजन और आवश्यक देखभाल की व्यवस्थाओं को बनाए रखने में मददगार होगी.
भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. इसमें विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और पशुपालन के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा.
इसके साथ ही गोवर्धन पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाती विशेष झांकी भी कार्यक्रम का आकर्षण रहेगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गौ-पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे.
मध्यप्रदेश सरकार का यह आयोजन केवल धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से गौवंश संरक्षण, संवर्धन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश भी दिया जाएगा.
उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित करने, दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने और गौशालाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने से प्रदेश में पशुपालन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है. सरकार का प्रयास है कि पशुपालक आधुनिक एवं उन्नत तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं और गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today